देशभर में भीषण ठंड की मार, 4 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट, 17 में घने कोहरे की चेतावनी

देश के कई हिस्सों में भीषण ठंड, शीतलहर और घना कोहरा जारी है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

देश के बड़े हिस्से में इस समय कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। भीषण ठंड, शीतलहर और घने से बहुत घने कोहरे ने उत्तर भारत से लेकर मध्य, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राज्यों तक जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने हालात को देखते हुए अगले 4 से 5 दिनों तक गंभीर मौसम बने रहने की चेतावनी जारी की है।

4 राज्यों में ऑरेंज, 17 में येलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, बहुत घने कोहरे को लेकर चार राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 17 राज्यों में घने कोहरे का येलो अलर्ट लागू किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि दृश्यता बेहद कम रहने से सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ सकता है।


इन राज्यों में रहेगा बहुत घना कोहरा

मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश और पंजाब में बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

वहीं असम और मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, राजस्थान, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।

इन राज्य में शीतलहर और शीत दिवस के आसार

  • पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 6 से 9 जनवरी

  • पश्चिमी राजस्थान में 8 से 10 जनवरी

  • पूर्वी राजस्थान में 6 से 10 जनवरी

  • छत्तीसगढ़ में 6 से 8 जनवरी

  • झारखंड में 6 और 7 जनवरी के दौरान शीतलहर चलने की प्रबल संभावना है।

इसके अलावा मध्य प्रदेश, बिहार और गंगीय पश्चिम बंगाल में 6 जनवरी को शीत दिवस (Cold Day) की स्थिति बन सकती है।


पहाड़ों में कड़ाके की ठंड, तापमान माइनस में

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के ताबो में न्यूनतम तापमान -10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सर्दी की अब तक की सबसे ठंडी रात मानी जा रही है।

कुकुमसेरी, कल्पा, नारकंडा और सोलन जैसे इलाकों में भी तापमान शून्य से नीचे चला गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में झीलें और नाले जमने लगे हैं, जबकि कोकसर, कल्पा और गोंदला में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है।

मैदानी इलाकों में ठंड का असर

उत्तर और मध्य भारत के मैदानी राज्यों में न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। घने कोहरे के कारण राजधानी समेत कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम हो गई है।


यातायात पर पड़ा असर

घने कोहरे की वजह से हवाई, रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई उड़ानें देरी से चल रही हैं, जबकि ट्रेनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। सड़कों पर वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्कूल बंद, प्रशासन अलर्ट

कड़ाके की ठंड को देखते हुए बिहार और राजस्थान समेत कई राज्यों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। राजस्थान के 20 जिलों में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल अलग-अलग अवधि के लिए बंद किए गए हैं।

बिहार के पश्चिम और पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। गया में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


स्वास्थ्य और किसानों के लिए सलाह

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और सांस की बीमारी से ग्रस्त लोगों को घर के अंदर रहने, गर्म कपड़े पहनने और ठंड से बचाव करने की सलाह दी है।

वहीं, किसानों को फसलों को पाले से बचाने के उपाय करने को कहा गया है।

10 जनवरी तक सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने साफ किया है कि 10 जनवरी तक हालात गंभीर बने रह सकते हैं, इसके बाद धीरे-धीरे ठंड और कोहरे से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia