पुणे के अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद शरद पवार मुंबई के हॉस्पीटल में भर्ती, सुप्रिया सुले ने दिया अपडेट
इससे पहले दिन में, रूबी हॉल क्लिनिक के मुख्य हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. परवेज के. ग्रांट ने बताया कि पवार को सीने में दर्द की शिकायत और ‘प्लूरिटिक पेन’ के बाद सामान्य जांच और मेडिकल निगरानी के लिए भर्ती कराया गया था।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार को बुधवार को पुणे के एक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल से छुट्टी मिलने के कुछ ही घंटे बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पवार की बेटी और बारामती से लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि उनके पिता को आगे की जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शरद पवार (85) को खांसी और सीने में दर्द (प्लूरिटिक पेन) की शिकायत के बाद दो नवंबर को पुणे के ‘रूबी हॉल क्लिनिक’ में भर्ती कराया गया था और बुधवार को दिन में उन्हें छुट्टी दी गई थी। सुप्रिया सुले ने कहा था कि उनके पिता की मेडिकल जांच की जा रही है और उनकी सेहत से जुड़े सभी मानक स्थिर हैं।
इससे पहले दिन में, रूबी हॉल क्लिनिक के मुख्य हृदय रोग विशेषज्ञ, अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. परवेज के. ग्रांट ने बताया कि पवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद सामान्य जांच और मेडिकल निगरानी के लिए भर्ती कराया गया था। ‘प्लूरिटिक पेन’ सीने में होने वाला ऐसा दर्द है जो आमतौर पर सांस लेने या छींकने के दौरान बढ़ जाता है।
पवार के सहयोगी विट्ठल मनियार ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सुबह पवार साहब को फोन कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने बेहद आत्मीयता के साथ उनसे बात की और पूरी तरह आराम करने की सलाह दी। मोदी ने उनसे कहा कि सुप्रिया (सुले) अब पूरी तरह से तैयार हैं और वह तथा अन्य लोग देश के लिए काम कर सकते हैं, इसलिए पवार साहब को अब आराम करना चाहिए।’’
