शरद पवार फिर पुणे के अस्पताल में भर्ती, शरीर में पानी की कमी बताई गई
इससे पहले शरद पवार को सीने में संक्रमण के बाद 9 फरवरी को इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 14 फरवरी को उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार को शरीर में पानी की हल्की कमी के बाद रविवार को पुणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने यह जानकारी दी। चिकित्सकों ने बताया कि 85 वर्षीय राज्यसभा सदस्य की हालत स्थिर है।
अस्पताल के मुख्य हृदयरोग विशेषज्ञ और अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. परवेज ग्रांट ने एक बयान में कहा, ‘‘उनके शरीर में पानी की हल्की कमी हो गई थी जिसके कारण उन्हें रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया और उन्हें नसों के माध्यम से तरल पदार्थ दिए जाने की आवश्यकता है। उनकी हालत स्थिर है। वह दो दिनों तक अस्पताल में रहेंगे और उसके बाद उन्हें छुट्टी मिलने की उम्मीद है।’’
डॉ. ग्रांट और अस्पताल के एक अन्य चिकित्सक डॉ. अभिजीत लोढ़ा उनके उपचार की निगरानी कर रहे हैं।
इससे पहले शरद पवार को सीने में संक्रमण के बाद 9 फरवरी को इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 14 फरवरी को उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।