शरद पवार को अस्पताल से मिली छुट्टी, अब घर पर होगा इलाज, सुप्रिया सुले ने डॉक्टरों और शुभचिंतकों का जताया आभार
शरद पवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और डॉक्टरों की सलाह पर अब घर पर ही उनका इलाज जारी रहेगा।

NCP (शरद पवार) प्रमुख शरद पवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। अब वह अपने आवास पर रहकर स्वास्थ्य लाभ करेंगे।
उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने इलाज के दौरान देखभाल करने वाले डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल के कर्मचारियों का आभार जताया।
डॉक्टर प्रतीत समदानी के मुताबिक, शरद पवार की सेहत में सुधार है। उन्हें सीने में संक्रमण और ब्रोंकाइटिस की शिकायत थी।
अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान शरद पवार का हालचाल लेने और जल्द स्वस्थ होने की कामना करने वाले शुभचिंतकों को भी सुप्रिया सुले ने धन्यवाद दिया।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के प्रमुख शरद पवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। सीने में संक्रमण और ब्रोंकाइटिस की शिकायत के बाद उनका इलाज चल रहा था। अब वह मुंबई स्थित अपने आवास सिल्वर ओक में रहकर दवाओं और आराम के जरिए स्वास्थ्य लाभ करेंगे। उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने रविवार को सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी और इलाज के दौरान देखभाल करने वाले डॉक्टरों तथा अस्पताल के कर्मचारियों का आभार जताया।
सुप्रिया सुले ने एक्स पर लिखा कि शरद पवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। उन्होंने इलाज के दौरान आत्मीयता और स्नेह के साथ देखभाल करने वाले सभी डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान प्रत्यक्ष रूप से मिलने और अलग-अलग माध्यमों से उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करने वाले सभी शुभचिंतकों का भी वह दिल से आभार व्यक्त करती हैं।
डॉक्टर बोले- शरद पवार की सेहत में हो रहा सुधार
शरद पवार का इलाज कर रहे डॉक्टर प्रतीत समदानी ने बताया कि उन्हें स्थिर हालत में अस्पताल से छुट्टी दी गई है। सीने में संक्रमण और ब्रोंकाइटिस की समस्या में सुधार हो रहा है। अब घर पर ही उनका इलाज जारी रहेगा।
डॉ. समदानी के मुताबिक, शरद पवार को घर पर दवाएं लेने, आराम करने और सामान्य सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। उनकी उम्र को देखते हुए कुछ अतिरिक्त निर्देश भी दिए गए हैं। डॉक्टर ने भरोसा जताया कि शरद पवार इन निर्देशों का पालन करेंगे और अपना ध्यान रखेंगे।
पहले पुणे के अस्पताल में भी हुए थे भर्ती
इससे पहले शरद पवार को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। सोमवार को खांसी और सीने में तकलीफ की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। इलाज के बाद बुधवार को उन्हें वहां से छुट्टी दे दी गई थी।
इसके बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भी उनका इलाज चला। शनिवार को उन्हें वहां से छुट्टी दे दी गई। सुप्रिया सुले ने रविवार को पोस्ट साझा कर उनके डिस्चार्ज की जानकारी दी और इस दौरान मिले सहयोग तथा शुभकामनाओं के लिए सभी का धन्यवाद किया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
