शिवपाल ने जेल में आजम खान से की मुलाकात, अखिलेश पर साधा निशाना, बोले- सपा नहीं कर रही मदद

मुलाकात के बाद शिवपाल ने कहा कि आजम खान के मुकदमे बहुत छोटे-छोटे हैं। इस पर ध्यान देना चाहिए था। यह बात सपा को याद रखना चाहिए। सीनियर नेता होते हुए भी उनकी मदद नहीं हो पा रही है। संघर्ष और आन्दोलन करना चाहिए था। लेकिन नहीं हुआ, यह बहुत बड़ा दुर्भाग्य है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव से नाराज चल रहे शिवपाल यादव ने शुक्रवार को वरिष्ठ नेता आजम खान से सीतापुर जेल में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सपा आजम खान के लिए संघर्ष करते नहीं दिख रही है, यह बड़े दुर्भाग्य की बात है। प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव और आजम खान के बीच यह मुलाकात करीब सवा घंटे तक चली।

इस दौरान उन्होंने आजम के मामले को लेकर सपा को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि नेता जी (मुलायम सिंह) की अगुवाई में लोकसभा में आजम खान का मामला उठाना चाहिए। लोकसभा और राज्यसभा में सपा के कई सदस्य हैं। अगर सुनवाई न होती तो धरने पर बैठ जाते, प्रधानमंत्री नेता जी की बात जरूर सुनते। क्योंकि वह नेता जी का सम्मान बहुत करते हैं। लेकिन उनकी मदद नहीं हो पायी है।


उन्होंने कहा कि आजम खान के मुकदमे बहुत छोटे-छोटे हैं। इस पर ध्यान देना चाहिए था। यह बात सपा को याद रखना चाहिए। सीनियर नेता होते हुए भी उनकी मदद नहीं हो पा रही है। मैं आजम खान के साथ हूं। उन्होंने कहा उचित समय आने पर राजनैतिक निर्णय लिया जाएगा। अभी कहना जल्दबाजी है। आजम के लिए सपा को संघर्ष और आन्दोलन करना चाहिए था। लेकिन नहीं हुआ, यह बहुत बड़ा दुर्भाग्य है।

हाल ही में आजम खां के समर्थकों द्वारा सपा के खिलाफ मुखर होने के बाद इस मुलाकात के पीछे भी कई मायने निकाले जा रहे हैं। करीब 2 साल से सपा नेता आजम खां सीतापुर जिला कारागार में बंद हैं। उनके साथ उनकी पत्नी तंजीम फातिमा और बेटा अब्दुल्लाह आजम भी बंद थे। दोनों अब जमानत पर हैं। दो दिन पहले आजम खां के घर पर उनके बेटे अब्दुल्लाह आजम से आरएलडी के जयंत चैधरी ने मुलाकात की थी।


बता दें कि शिवपाल सिंह यादव के साथ ही आजम खां इन दिनों अखिलेश यादव से नाराज हैं।
शिवपाल यादव तो कई बार सार्वजनिक तौर पर प्रतिक्रिया दे चुके हैं, जबकि आजम खां ने समर्थकों के माध्यम से अपनी नाराजगी का संदेश दिया है। प्रसपा के अध्यक्ष शिवपाल यादव ने जेल में आजम खां के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के साथ ही उनसे काफी देर बात की। इनके बीच यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई जब आजम खां के खेमे से लगातार अखिलेश यादव के खिलाफ नाराजगी के सुर उठ रहे हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia