झारखंड के दुमका में दिल दहलाने वाली वारदात, घर पर हमला कर बुजुर्ग दंपति की हत्या, दो बेटियों को किया जख्मी

यह घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब दो से तीन बजे के बीच हुई। घटना के बाद घायल हीरामुनि ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल कर सूचना दी। इसके बाद शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

फोटो: IANS
i
user

आईएएनएस

google_preferred_badge

झारखंड के दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदराप्लान गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने एक घर पर धावा बोलकर बुजुर्ग दंपति की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि उनकी दो बेटियों पर भी हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

मृतक दंपति की पहचान साहेब हेम्ब्रम (63) और मंगली किस्कु (60) के रूप में की गई है। घायलों में बड़ी बेटी हीरामुनि हेम्ब्रम (25) और छोटी बेटी बेनी हेम्ब्रम (17) शामिल हैं, जिन्हें गंभीर हालत में दुमका के फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब दो से तीन बजे के बीच हुई। घटना के बाद घायल हीरामुनि ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल कर सूचना दी। इसके बाद शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने मीडिया को बताया कि शुरुआती जांच में हत्या के पीछे बड़ी बेटी के प्रेमी का नाम सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि वह पाकुड़ जिले का रहने वाला है और घटना की रात वह घर पर मौजूद था।

पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia