सिक्किम बाढ़: सेना के 6 जवानों सहित 22 शव पश्चिम बंगाल में बरामद, अभी भी कई लापता, खोज जारी

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के शुरुआती अनुमान के अनुसार, बरामद किए गए 22 शवों में से कम से कम छह सिक्किम में तैनात भारतीय सेना के जवानों के हैं, जो अचानक आई बाढ़ के बाद लापता हो गए थे।

सिक्किम बाढ़ में बहे सेना के 6 जवानों सहित 22 शव पश्चिम बंगाल में बरामद
सिक्किम बाढ़ में बहे सेना के 6 जवानों सहित 22 शव पश्चिम बंगाल में बरामद
user

नवजीवन डेस्क

पश्चिम बंगाल के आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया है कि निकटवर्ती पहाड़ी राज्य सिक्किम में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद राज्य के उत्तरी क्षेत्र में जलपाईगुड़ी जिले में उफनती तीस्ता नदी से शुक्रवार सुबह तक बरामद शवों की संख्या 22 हो गई है। इनमें 6 जवानों के शव भी शामिल हैं।

बंगाल आपदा विभाग ने कहा कि शुक्रवार सुबह तक 17 शवों को बरामद किया गया। ये शव मुख्य रूप से जलपाईगुड़ी जिले में उफनती तीस्ता नदी से बरामद किए गए। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के शुरुआती अनुमान के अनुसार बरामद किए गए 22 शवों में से कम से कम छह सिक्किम में तैनात भारतीय सेना के जवानों के हैं, जो अचानक आई बाढ़ के बाद लापता हो गए थे।


आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी ने कहा कि आवश्यक सेवा बहाली और बचाव अभियान आगे बढ़ने पर और शव बरामद किए जा सकते हैं। अब तक बरामद किए गए शवों को जलपाईगुड़ी जिले के मालबाजार, मयनागुड़ी, जलपाईगुड़ी टाउन के चार अलग-अलग अस्पतालों और निकटवर्ती दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी में उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में संरक्षित किया गया है।

उत्तर बंगाल को सिक्किम से जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग-10 भूस्खलन के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के सूत्रों ने कहा कि छोटे राहत और बचाव वाहनों को वैकल्पिक मार्ग के माध्यम से सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में भेजा जा रहा है, जो पारंपरिक मार्ग की तुलना में दूरी के मामले में लंबी पड़ता है।


राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी ने कहा, “पश्चिम बंगाल के कई पर्यटक अभी भी सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में फंसे हुए हैं। यह आंकड़ा लगभग 3,000 होने का अनुमान है।सौभाग्य से, शुक्रवार सुबह से मौसम की स्थिति में सुधार होना शुरू हो गया है और राहत और बचाव कार्यों की गति तेज हो सकी है। हमें उम्मीद है कि हम शनिवार दोपहर तक राज्य से बड़ी संख्या में फंसे हुए पर्यटकों को वापस ला पाएंगे।''

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia