सिक्किमः भूस्खलन के बाद से परिवार समेत लेफ्टिनेंट कर्नल और तीन अन्य सैन्यकर्मी लापता, तलाश जारी

सेना के मुताबिक, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रीतपाल सिंह संधू, उनकी पत्नी आरती संधू, उनकी बेटी अमायरा, सुबेदार धर्मवीर, नाइक सुनीलाल मुचाहार और सिपाही साइनुद्दीन पी.के. सिक्किम में भूस्खलन वाले स्थान पर मौजूद थे। घटना के बाद से ये सभी व्यक्ति लापता हैं।

सिक्किमः भूस्खलन के बाद से परिवार समेत लेफ्टिनेंट कर्नल और तीन अन्य सैन्यकर्मी लापता, तलाश जारी
सिक्किमः भूस्खलन के बाद से परिवार समेत लेफ्टिनेंट कर्नल और तीन अन्य सैन्यकर्मी लापता, तलाश जारी
user

नवजीवन डेस्क

सिक्किम में आए भीषण भूस्खलन के बाद से भारतीय सेना के एक लेफ्टिनेंट कर्नल, उनका परिवार और तीन अन्य सैन्यकर्मी लापता हैं। उनके मलबे में दबे होने की आशंका है। यहां भूस्खलन आए करीब 72 घंटे का समय हो चुका है, लेकिन खराब मौसम के कारण राहत और बचाव कार्यों में बाधा आ रही है।

भारतीय सेना के मुताबिक, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रीतपाल सिंह संधू, उनकी पत्नी स्क्वाड्रन लीडर आरती संधू (सेवानिवृत्त), उनकी बेटी अमायरा, सुबेदार धर्मवीर, नाइक सुनीलाल मुचाहार और सिपाही साइनुद्दीन पी.के. सिक्किम में भूस्खलन वाले स्थान पर मौजूद थे। घटना के बाद से ये सभी व्यक्ति लापता हैं। उनके मलबे में दबे होने की आशंका है। सभी की खोज के लिए तलाश अभियान जारी है।

दरअसल, 1 जून को सिक्किम में भारतीय सेना का एक कैंप भूस्खलन की चपेट में आ गया था। इस हादसे में सेना के तीन जवानों की मौत हो गई थी। वहीं, छह अन्य व्यक्ति अभी तक लापता हैं। सेना ने बताया कि 1 जून की शाम लगभग 7 बजे लाचेन जिले के चेटेन इलाके में स्थित भारतीय सेना के सैन्य शिविर पर विनाशकारी भूस्खलन हुआ। मूसलधार बारिश को इस भूस्खलन का कारण माना जा रहा है।


राहत और बचाव कार्यों में जुटे सैनिकों ने चार व्यक्तियों को सुरक्षित बचाया था। भूस्खलन की इस दुखद घटना में तीन वीर जवानों हवलदार लखविंदर सिंह, लांस नायक मनीष ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लाखड़ा के पार्थिव शरीर बरामद किए गए थे। सेना का कहना है कि बचाव टीमें कठिन भू-भाग और प्रतिकूल मौसम की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में लापता छह व्यक्तियों की तलाश और बचाव कार्य में जुटी हैं।

आपदा की इस विकट परिस्थिति में सेना अत्यंत विषम परिस्थितियों में भी लगातार राहत और बचाव कार्य कर रही है। क्षेत्र का प्रमुख पर्यटन केंद्र लाचेन गांव भूस्खलन के कारण पूरी तरह से बाहरी संपर्क से कट चुका है। सेना ने वहां पैदल संपर्क स्थापित कर लिया है और अब तक 113 फंसे हुए पर्यटकों तक पहुंच बना ली गई है, जिन्हें वहां से निकाला जा रहा है। वहीं, 3 जून को सेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से 30 पर्यटकों को सुरक्षित एयरलिफ्ट किया गया है।


साथ ही, सेना के कैंप पर भूस्खलन की चपेट में आने से लापता हुए छह लोगों की तलाश के लिए भी युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन जारी है। सेना ने विशेषीकृत खोजी दलों और इंजीनियरिंग उपकरणों को इस अभियान में तैनात किया है। हालांकि, लगातार खराब मौसम, अस्थिर भूमि और अत्यधिक ऊंचाई जैसे चुनौतीपूर्ण हालात राहत कार्यों में बाधा डाल रहे हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia