दिल्ली की हवा में मामूली सुधार, फिर भी कई इलाकों में प्रदूषण का खतरा बरकरार, AQI 200 पार
सुबह 7:05 बजे जारी एक अन्य अपडेट में दिल्ली का AQI 216 रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान PM2.5 और PM10 हवा में मौजूद प्रमुख प्रदूषक रहे।

दिल्लीवासियों को प्रदूषण से थोड़ी राहत जरूर मिली है। सोमवार सुबह राजधानी के एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में पिछले कुछ दिनों के मुकाबले गिरावट देखने को मिली। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का औसत AQI सुबह 213 दर्ज किया गया। हालांकि, यह अब भी 'खराब' श्रेणी में बना हुआ है, लेकिन पिछले दो सप्ताह में यह राजधानी का सबसे बेहतर स्तर है।
सुबह 7:05 बजे जारी एक अन्य अपडेट में दिल्ली का AQI 216 रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान PM2.5 और PM10 हवा में मौजूद प्रमुख प्रदूषक रहे।
CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के 35 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि 21 केंद्रों पर AQI मध्यम स्तर पर रहा। इससे साफ है कि राजधानी के कुछ हिस्सों में प्रदूषण का असर कम हुआ है, लेकिन कई इलाकों में स्थिति अभी भी चिंताजनक है।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा प्रदूषण
सोमवार सुबह दिल्ली के कुछ इलाकों में AQI काफी ऊंचा दर्ज किया गया। सिरिफोर्ट सबसे प्रदूषित क्षेत्र रहा, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 346 तक पहुंच गया। वहीं, द्वारका के NSIT इलाके में AQI 330 रिकॉर्ड किया गया। ये दोनों इलाके 'बहुत खराब' श्रेणी में शामिल हैं।
दिल्ली के प्रमुख इलाकों का AQI:
सिरिफोर्ट-346, NSIT, द्वारका- 330, पूसा- 282, पंजाबी बाग- 276, चांदनी चौक- 271
आंकड़ों के मुताबिक, पूसा, पंजाबी बाग और चांदनी चौक में भी हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है।
प्रदूषण में कमी के बावजूद कोहरे ने बढ़ाई परेशानी
राजधानी में प्रदूषण के स्तर में कुछ गिरावट जरूर आई है, लेकिन सोमवार सुबह कई इलाकों में कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित रही। सड़कों पर धुंध और कोहरे की वजह से लोगों को दूर तक देखने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
विशेषज्ञों के मुताबिक, कोहरा और वायु प्रदूषण दो अलग-अलग स्थितियां हैं। इसलिए कोहरे के बने रहने के बावजूद AQI में सुधार संभव है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
