हिमाचल प्रदेश में हिमपात और बारिश, मौसम विभाग ने ओलावृष्टि के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया

शिमला मौसम कार्यालय ने शनिवार को सात और आठ अप्रैल को चार से पांच जिलों में ओलावृष्टि की आशंका को लेकर 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया।

फोटो: PTI
i
user

नवजीवन डेस्क

हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुयी और हिमपात हुआ जिससे न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी ।

शिमला मौसम कार्यालय ने शनिवार को सात और आठ अप्रैल को चार से पांच जिलों में ओलावृष्टि की आशंका को लेकर 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया।

लाहौल स्पीति तथा कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार शाम से पिछले 24 घंटों में ताजा हिमपात हुआ। गोंडला में 13 सेंटीमीटर, हंसा और केलांग में 7.5 सेंटीमीटर तथा कोक्सर में तीन सेंटीमीटर हिमपात हुआ। शुक्रवार रात को अटल सुरंग पर भी हल्का हिमपात हुआ।

राज्य के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई। सराहन में 32.7 मिलीमीटर, उसके बाद धर्मशाला में 32.2 मिमी, कसौली में 23 मिमी, मनाली में 17 मिमी, बिलासपुर में 13.4 मिमी, कल्पा में 10.4 मिमी, पालमपुर में 8.6 मिमी, सुंदरनगर में 8.5 मिमी और शिमला में आठ मिमी बारिश हुई।


मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ओलावृष्टि, गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी, आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

उत्तर-पश्चिम भारत में बुधवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने का अनुमान है। इसके अलावा राज्य में 10 अप्रैल तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

शिमला, सुंदरनगर, भुंतर, जोत और कांगड़ा में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई और आकाशीय बिजली चमकी, जबकि सेओबाग, सुंदरनगर, ताबो और नेरी में 39 से 59 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।

कई स्टेशनों पर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में क्रमशः दो से पांच डिग्री सेल्सियस और दो से आठ डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई। ताबो में रात का तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया और यह सबसे ठंडा स्थान रहा।

मानसून से पहले के मौसम में एक मार्च से चार अप्रैल तक हिमाचल प्रदेश में सामान्य वर्षा 120.5 मिमी के मुकाबले 105.5 मिलीमीटर बारिश हुई जो 12 प्रतिशत कम है।