कहीं राहत तो कहीं पर जेब होगी ढीली, कमर्शियल LPG सिलेंडर सस्ता, ITR पर लगेगा जुर्माना, आज से बदल गए ये नियम
आज से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में कटौती की गई है। दूसरी ओर 14 किलोग्राम वाले डोमेस्टिक गैस सिलेंडर की कीमत में किसी तरह का बदलाव नहीं हुआ है। वहीं अब आयकर रिटर्न भरने पर 5 हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा।

आज यानी एक अगस्त से देश में कुछ अहम बदलाव हुए हैं। जहां कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर सस्ता हुआ है, वहीं अब आयकर रिटर्न भरने पर जुर्माना भरना पड़ेगा। आइए जानते हैं क्या क्या नियम बदले हैं।
कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में कटौती
आज से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में कटौती की गई है। कमर्शियल गैस सिलेंडर 36 रुपए सस्ता हुआ है। दिल्ली में अब इसकी कीमत घटकर 1976 रुपए हो गई है जो पहले 2012.50 रुपए थी। दूसरी ओर 14 किलोग्राम वाले डोमेस्टिक गैस सिलेंडर की कीमत में किसी तरह का बदलाव नहीं हुआ है। बता दें कि दिल्ली में कमर्शियल गैस की कीमत 2012.50 रुपए, कोलकाता में 2132 रुपए, मुंबई में 1972.50 रुपए और चेन्नई में 2177.50 रुपए थी।
जेट फ्यूल भी सस्ता हुआ
कमर्शियल गैस के अलावा जेट फ्यूल के रेट में भी कटौती की गई है। इसमें 12 फीसदी की कमी आई है। इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर उपलब्ध डेटा के मुताबिक, दिल्ली में जेट फ्यूल का भाव 121915.57 रुपए प्रति किलोलीटर है। कोलकाता का भाव 128425.21 रुपए प्रति लीटर है। मुंबई का भाव 120875.86 रुपए प्रति लीटर और चेन्नई का भाव 126516.29 रुपए प्रति लीटर है।
रिटर्न भरने पर 5000 हजार रुपये जुर्माना
अब आयकर रिटर्न भरने पर 5 हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। बता दें कि रिटर्न भरने की अंतिम तिथि 31 जुलाई तय की थी। अब तक तिथि नहीं बढ़ाई गई है, इसलिए रिटर्न भरने वालों को 5 हजार रुपये तक जुर्माना चुकाना पड़ेगा। जिनकी आय सालाना पांच लाख रुपये से कम है, उन्हें विलंब शुल्क बतौर 1000 रुपये चुकाने पड़ेंगे। सालाना आय पांच लाख से ज्यादा होने पर 5 हजार रुपये जुर्माना चुकाना पड़ेगा।
बगैर केवाईसी नहीं मिलेगी किसान सम्मान निधि
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ पाने के लिए अब केवाईसी करना जरूरी हो गया है। योजना के लाभ लेने के लिए रजिस्ट्रेशन के साथ केवाईसी करानी होगी। केवाईसी के लिए पुराने हितग्राहियों को 31 जुलाई तक का समय दिया गया था। जो अब अंतिम तारीख निकल गया है। जिन लाभार्थियों ने केवाईसी नहीं कराया है, उन्हें पीएम किसान सम्मान निधि की 12 वीं किस्त की राशि नहीं मिलेगी।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने चेक से भुगतान के नियम बदले
बैंक ऑफ बड़ौदा ने आज से चेक से भुगतान के नियम बदले हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने सभी खाताधारकों को SMS के जरिए सूचित किया है कि दिनांक 1 अगस्त से आरबीआई की गाइडलाइन के अनुसार पॉजिटिव पे सिस्टम लागू किया जा रहा है। इसके तहत 500000 एवं इससे अधिक का चेक तब तक क्लियर नहीं होगा जब तक कि उसकी डिजिटल कंफर्मेशन नहीं हो जाती।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 01 Aug 2022, 11:17 AM
