प्रियंका गांधी के साथ बेटे रेहान ने भी डाला वोट, बोले- पब्लिक ट्रांसपोर्ट में छात्रों का किराया कम हो

दिल्ली चुनाव के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी आज पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान के साथ वोट डाला। रेहान ने पहली बार वोट किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में ट्रांसपोर्टेशन की समस्या का हल होना चाहिए और इसमे छात्रों के लिए किराया कम होना चाहिए।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। मतदान के लिए तमाम राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां अपने घरों से निकल रही हैं और अपना वोट डाल रही हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी अपने पति राबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान के साथ वोट डाला। तीनों ने लोधी एस्टेट इलाके में बूथ नंबर 114 और 116 पर अपना वोट डाला। खास बात ये है कि प्रियंका गांधी के बेटे रेहान ने आज पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए वोट डाला।

वोट डालने के बाद रेहान को मीडिया के लोगों ने घेर लिया और उनसे चुनाव के मुद्दे जानने की कोशिश की। मीडिया से बात करते हुए रेहान ने कहा कि उनकी नजर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट एक प्रमुख और बड़ा मुद्दा है। साथ ही उन्होंने कहा कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट को आशान होना चाहिए और छात्रों के लिए किराया कम होना चाहिए। रेहान ने कहा कि उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बनकर अच्छा लग रहा है और सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।


वहीं इस दौरान प्रियंका गांधी ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में बाहर निकलकर वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा, “आलसी ना बनें और सभी लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकलें और मतदान करें। इस दौरान साथ में मौजूद रॉबर्ट वाड्रा ने भी बताया कि इस बार उन्होंने महिला सुरक्षा को प्रमुख मुद्दा मानते हुए अपने मताधिकार का उपयोग किया है।

गौरतलब है कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए शनिवार सुबह से मतदान हो रहा है। इसके लिए दिन में ही कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने मतदान किया। सोनिया गांधी ने निर्माण भवन में बने पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला, जबकि राहुल गांधी ने औरंगजेब लेन स्थित एनपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अपना वोट डाला। अब वोटों की गिनती 11 फरवरी को होगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */