वीडियो: 'एक्स' पर भी आईं सोनिया गांधी, अपनी किताब की दिखाई झलक, राजीव गांधी से पहली मुलाकात को किया याद
कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर डेब्यू किया है। अपनी पोस्ट में उन्होंने आने वाले संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की झलक साझा की और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से पहली मुलाकात का किस्सा सुनाया।

कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी शुरुआत की है। अपनी पहली पोस्ट में उन्होंने आने वाले संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की झलक साझा की। इस वीडियो में सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री और अपने पति राजीव गांधी से पहली मुलाकात से जुड़ी यादें भी साझा कीं।
इंग्लैंड के ग्रीक रेस्टोरेंट में हुई थी पहली मुलाकात
सोनिया गांधी ने बताया कि जब वह इंग्लैंड में पढ़ाई कर रही थीं, उस दौरान उन्हें इटैलियन खाना खाने के लिए एक जगह की तलाश थी। इसी दौरान उन्हें एक ग्रीक रेस्टोरेंट के बारे में पता चला, जहां यूरोप और भारत से आए छात्र अक्सर खाना खाने पहुंचते थे। इसी रेस्टोरेंट में उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी।
सोनिया गांधी ने बताया, “फिर हमें यह जगह मिल गई। यह एक ग्रीक रेस्टोरेंट था, जहां कई छात्र, खासकर यूरोपीय और भारतीय छात्र खाना खाने आते थे।” उन्होंने आगे कहा, “उसी रेस्टोरेंट में मेरी मुलाकात राजीव से हुई। जब मैं उनसे पहली बार मिली, तो मुझे तुरंत लगा कि वह ऐसे इंसान हैं, जिनके साथ मैं अपनी जिंदगी बिताना चाहूंगी। बाद में मुझे पता चला कि उनके मन में भी यही बात थी।”
कॉमन दोस्त ने कराया था दोनों का परिचय
सोनिया गांधी ने बताया कि एक साझा दोस्त ने उनका परिचय राजीव गांधी से कराया था। इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और वे दोस्तों के साथ पार्टियों में जाने और घूमने-फिरने लगे।
उन्होंने कहा, “मुझे याद है कि जब मैं उनसे पहली बार मिली, तो एक कॉमन दोस्त ने हमारा परिचय कराया था। फिर हम दोस्त बन गए। हम दोस्तों के साथ पार्टियों में जाते थे और घूमने-फिरने जाते थे। एक बार हम वैलेंटाइन पार्टी में भी गए थे, जहां बहुत सारे छात्र मौजूद थे।”
राजीव गांधी का सौम्य स्वभाव आया था पसंद
राजीव गांधी के बारे में बात करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि उनका शांत और सौम्य स्वभाव उन्हें सबसे ज्यादा पसंद आया था। उन्होंने कहा, “वह दिखने में बहुत सौम्य थे। बेशक, वह बहुत हैंडसम भी थे। लेकिन उनका सौम्य स्वभाव साफ नजर आता था। इसी बात ने मुझे गहराई से प्रभावित किया। इसलिए, उनसे पहली मुलाकात का वह पल मैं कभी नहीं भूल सकती।”
सोनिया गांधी और राजीव गांधी ने 25 फरवरी 1968 को शादी की थी।
इंस्टाग्राम पर भी साझा की थी किताब की पहली झलक
इससे पहले गुरुवार को सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भी अपना अकाउंट बनाया था। वहां उन्होंने अपना पहला वीडियो साझा करते हुए आने वाले संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक दिखाई थी।
अपनी पोस्ट में उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए लिखा, “नमस्ते सभी को, आप सभी के साथ इस पल को साझा करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है; पेश है ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक।”
उन्होंने आगे लिखा, “यह प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपनापन खोजने की कहानी है। मुझे इसे आप सभी के साथ साझा करने का बेसब्री से इंतजार है।”
इस संस्मरण के जरिए सोनिया गांधी अपने जीवन के अनुभवों और यादों को पाठकों के साथ साझा करने जा रही हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
