संतोख सिंह के निधन पर पत्नी कमलजीत के नाम सोनिया गांधी का शोक संदेश, कहा- उनका जाना अपूरणीय क्षति है

कांग्रेस के सांसद संतोख सिंह के निधन पर यूपीए की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दुख जताया है। सोनिया गांधी ने संतोख सिंह के निधन पर उनकी पत्नी कमलजीत कौर के नाम शोक संदेश लिखा है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

पंजाब में कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान सांसद संतोख सिंह चौधरी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे 75 साल के थे। उनके निधन पर यूपीए की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दुख जताया है। सोनिया गांधी ने संतोख सिंह के निधन पर उनकी पत्नी कमलजीत कौर के नाम शोक संदेश लिखा है, साथ ही परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

सोनिया गांधी ने लिखा-

प्रिय श्रीमती कमलजीत कौर जी,

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और आपके पति श्री संतोख सिंह चौधरी जी के कांग्रेस की ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ह्रदयाघात से आकास्मिक निधन का समाचार पाकर मुझे बहुत अफसोस हुआ। मैं समझ सकती हूं कि परिवार के अन्य सदस्यों के साथ साथ खास तौर से आपके लिए अनेक दशकों के दाम्पत्य जीवन में साथ रहने के बाद इस आयु में अचानक जीवन साथी का बिछुड़ जाना कितना कष्टदायक है।

फिर भी नियति के विधान को स्वीकार करना पड़ता है और सहना पड़ता है। मुझे विश्वास है कि इस पीड़ा को आप इसी दृष्टि से झेलने का प्रयास करेंगी। वे कांग्रेस की विचारधारा के प्रति समर्पित और निष्ठान रहे, जवीन भर कांग्रेस के विचारधारा के सिद्धांतों और आदर्शों पर चलते हुए पार्टी और समाज सेवा की। उनका निधन एक अपूर्णीय क्षति है।

इन पीड़ा के क्षणों में मैं आपके और परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं।


वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट करते हुए कहा है कि हमारे सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन के बारे में जानकर गहरा सदमा और दुख हुआ। उनका जाना पार्टी और संगठन के लिए बड़ा झटका है। दुख की इस घड़ी में मेरा दिल उनके परिवार, दोस्तों और फॉलोअर्स के साथ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

वहीं राहुल गांधी ने दुख जताते हुए कहा कि श्री संतोख सिंह चौधरी जी के अकस्मात निधन से स्तब्ध हूं। वो ज़मीन से जुड़े परिश्रमी नेता, एक नेक इंसान और कांग्रेस परिवार के मज़बूत स्तम्भ थे, जिन्होंने युवा कांग्रेस से सांसद तक अपना जीवन जनसेवा को समर्पित किया। शोकसंतप्त परिवार को अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।


कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी संतोख सिंह के निधन पर दुख जताया है। प्रियंका गांधी ने लिखा है "जालंधर सांसद श्री संतोख सिंह चौधरी जी के आकस्मिक निधन का समाचार सुनकर मन को भारी दुख पहुंचा। श्री संतोख सिंह जी कांग्रेस विचारधारा के लिए समर्पित नेता व सच्चे जनसेवक थे। उनके निधन से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को एक अपूर्णीय क्षति हुई है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवदेनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्री चरणों में स्थान दें।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia