सोनिया-प्रियंका गांधी पहुंचीं रायबरेली, पूर्व विधायक के परिवार से मिलकर व्यक्त की शोक संवेदना, बंधाया ढांढस

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी रायबरेली के दौरे पर हैं। रायबरेली पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से होते हुए ऊंचाहार के अरखा में पूर्व कांग्रेस विधायक अजय पाल सिंह के घर पहुंचीं और शोक संवेदनाएं व्यक्त की।

फोटो: @INCUttarPradesh
फोटो: @INCUttarPradesh
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंची हैं। फुरसतगंज हवाई अड्डे पर उतरने के बाद उनका काफिला सड़क मार्ग से सीधे ऊंचाहार के आरखा पहुंचा। जहां उन्होंने पूर्व कांग्रेस विधायक अजयपाल सिंह को उनके पुत्र शोक के लिए अपनी संवेदना प्रकट की। सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने पूर्व विधायक के परिवार को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी के कांग्रेस परिवार उनके साथ है। यहां से निकलने के बाद उनका काफिला सीधे भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंचा, जहां कांग्रेस का प्रशिक्षण चल रहा है। इस दौरान उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू भी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि प्रियंका गांधी लगातार यूपी में सक्रिय हैं और प्रदेश की योगी सरकार पर लगातार हमला बोल रही है। किसानों के मुद्दे, बेरोजगारी, यूपी में बढ़ते अपराध, महिलाओं के साथ बढ़ते अपराध, सीएए के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ योगी सरकार की कार्रवाई के खिलाफ प्रियंका गांधी हमेशा आवाज उठा रही हैं। इतना ही प्रियंका गांधी लगातार संगठन को मजबूत भी कर रही हैं।


दूसरी ओर रायबरेली दौरे पर पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट करके गृहमंत्री अमित शाह पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “अजीब दास्तां है ये..कहां शुरू कहां खत्म.. गृहमंत्री जी यूपी में उन्हें चुनौती दे रहे हैं जो उनके खिलाफ लड़ने के लिए घर से बाहर तक नहीं निकले और जिन्हें गृहमंत्री जी को चुनौती देनी चाहिए वे दूसरे प्रदेशों की समस्याओं की बातें कर रही हैं। यूपी की जागरूक जनता सब समझती है।”

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia