मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार, 72 घंटे में 11 राज्यों तक पहुंचा, जानिए दिल्ली में कब होगी एंट्री

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने 72 घंटे में 11 राज्यों में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 से 30 जून के बीच मानसून के दिल्ली-एनसीआर पहुंचने की संभावना है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

देश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने केरल में दस्तक देने के बाद तेजी से रफ्तार पकड़ ली है। चार जून को केरल तट पर पहुंचने के महज 72 घंटे के भीतर मॉनसून 11 राज्यों तक फैल चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, यह केरल में अपने सामान्य आगमन की तारीख से तीन दिन की देरी से पहुंचा, लेकिन महाराष्ट्र में निर्धारित समय पर प्रवेश कर गया। अब निगाहें दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र पर हैं, जहां मॉनसून इस महीने के अंत तक पहुंच सकता है।

25 से 30 जून के बीच दिल्ली पहुंच सकता है मॉनसून

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का अनुमान है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 25 से 30 जून के बीच दिल्ली और एनसीआर में प्रवेश कर सकता है। यही समय-सीमा नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और उत्तर भारत के अन्य आसपास के क्षेत्रों के लिए भी मानी जा रही है। दिल्ली पहुंचने के बाद मॉनसून के हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों की ओर आगे बढ़ने की संभावना है।

पिछले साल दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 29 जून को दिल्ली पहुंचा था, जो 1961 से 2019 के औसत के आधार पर तय सामान्य तारीख 27 जून से दो दिन बाद था। इस बार मॉनसून केरल में चार जून को पहुंचा, जबकि इसकी सामान्य शुरुआत एक जून मानी जाती है। यह आईएमडी के 26 मई के पूर्वानुमान से भी लगभग एक सप्ताह पीछे रहा।


केरल से महाराष्ट्र और उत्तर-पूर्व तक तेज विस्तार

हालांकि शुरुआती देरी के बाद मॉनसून ने तेजी दिखाई। पांच जून तक यह पश्चिमी तट के बड़े हिस्से को कवर करते हुए गोवा तक पहुंच गया और छह जून को महाराष्ट्र में प्रवेश कर गया। इसके बाद रविवार को यह उत्तर-पूर्वी भारत में पूरे नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम तक फैल गया। साथ ही असम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में भी मानसूनी बारिश शुरू हो गई।

आईएमडी के अनुसार, मॉनसून अब तक केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश सहित 11 राज्यों तक पहुंच चुका है। इन सभी राज्यों में मॉनसून से जुड़ी बारिश दर्ज की जा रही है।

बारिश को लेकर क्या है IMD का अनुमॉन

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून रविवार को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया। वहीं, जून से सितंबर के बीच दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सीजन के लिए आईएमडी ने देश के अधिकतर हिस्सों में औसत से कम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। ऐसे में मॉनसून की प्रगति और वर्षा की स्थिति पर आने वाले दिनों में सभी की नजर बनी रहेगी।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia