#SpeakUpForWomenSafety: प्रियंका गांधी बोलीं- पीड़ित महिलाओं की आवाज सुनने की बजाए उन्हें बदनाम कराना शर्मनाक

प्रियंका गांधी ने कहा कि महिलाओं पर अपराध बढ़ रहे हैं। इस बीच, पीड़ित महिलाओं की सच्चाई और उनकी आवाज को सुनने की बजाए उन्हीं को बदनाम कराना, उन्हीं पर आरोप लगाना सबसे शर्मनाक और बुजदिल हरकत है, लेकिन देश की महिलाएं अब चुप नहीं रहेंगी।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

हैदर अली खान

कांग्रेस पार्टी महिलाओं के हक में आज आवाज बुलंद कर रही है। पार्टी सोशल मीडिया पर #SpeakUpForWomenSafety कैंपेन चला रही है। इस कैंपेन के तहत बोलते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उन लोगों को आड़े हाथों लिया है जो देश में पीड़िता महिलाओं को बदमान करने की कोशिश कर रहे हैं।

कांग्रेस महासचिव ने ट्वीट कर कहा, “एक बहन को दोषी ठहराया तो लाखों बहनें अपनी आवाज बुलंद करेंगी और उनके साथ खड़ी होंगी। हम अपना जिम्मा खुद ले रहे हैं। अब महिलाओं को ही महिला सुरक्षा का जिम्मा उठाना होगा। महिलाओं पर अपराध बढ़ रहे हैं। इस बीच, पीड़ित महिलाओं की सच्चाई और उनकी आवाज को सुनने की बजाए उन्हीं को बदनाम कराना, उन्हीं पर आरोप लगाना सबसे शर्मनाक और बुजदिल हरकत है। लेकिन देश की महिलाएं अब चुप नहीं रहेंगी।”


पार्टी के दूसरे नेता भी #SpeakUpForWomenSafety से जुड़ रहे हैं। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा, “बलात्कार और हत्या जैसे अपराध तो यूपी में पिछले कुछ सालों से होते ही रहे हैं, लेकिन हाथरस में जो हुआ उसने न्याय मांगने वालों को और उनके साथ खड़े होने वाले हर इंसान को अपमानित ही नहीं बल्कि हताश कर दिया है।”

कांग्रेस नेता सुष्मिता देव ने इस अभियान के तहत बोलते हुए कहा, “देश के किसी भी प्रदेश में बलात्कार हो तो हम सबको दुख होता है। बलात्कार जैसे संवेदनशील मुद्दे पर सरकार अपनी जिम्मेदारी का पालन करे। हाथरस के मामले में यूपी सरकार ने पीड़िता के साथ ऐसा सलूक किया, जो कि शर्मनाक है।”


वहीं, कांग्रेस नेता रागिनी नायक ने कहा, “मोदी जी का नारा था कि 'बेटी बचाओ' लेकिन आज जनता कह रही है कि ये नारा एक चेतावनी बन गया है। कितनी शर्म की बात है कि जिन वादों के साथ मोदी जी सत्ता में आए थे, आज वो सभी वादे खोखले साबित हो रहे हैं।”

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia