देश सेवा में समर्पित महिलाओं में झलकता है सेनानियों का जज्बा, राहुल गांधी ने भारत जोड़ने के जज्बे को किया सलाम

राहुल गांधी ने कहा कि हमारे देश की महिलाओं का स्वतंत्र भारत के निर्माण में बहुत महत्वूपर्ण योगदान रहा है। चाहे वो स्वतंत्रता सेनानियों के रूप में हो, संविधान रचना में हो, या जनसेवा के पद पर एक राजनीतिज्ञ के रूप में हो।

फोटोः @INCIndia
फोटोः @INCIndia
user

नवजीवन डेस्क

हरियाणा के अंबाला में सोमवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने कदमताल किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मौके पर कहा देश की सेवा में समर्पित महिलाओं में स्वतंत्रता सेनानियों का ही जज्बा झलकता है। राहुल गांधी ने कहा हमारे देश की महिलाओं का स्वतंत्र भारत के निर्माण में बहुत महत्वूपर्ण योगदान रहा है। चाहे वो स्वतंत्रता सेनानियों के रूप में हो, संविधान रचना में हो, या जनसेवा के पद पर एक राजनीतिज्ञ के रूप में हो।

उन्होंने कुछ सशक्त महिलाओं के नाम गिनाते हुए कहा कि सरोजिनी नायडू, विजयलक्ष्मी पंडित, सुचेता कृपलानी, दुर्गाबाई देशमुख, राजकुमारी अमृत कौर, हंसा मेहता और अरुणा आसफ अली जैसी दिग्गज महिलाओं ने जहां स्वतंत्रता संग्राम में अपनी संघर्षशीलता का परिचय दिया, वहीं अपने ज्ञान, बुद्धिमत्ता और दूरदर्शिता से देश का संविधान बनाने में मददगार रहीं। इंदिरा गांधी देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं और अपने अद्वितीय नेतृत्व और क्षमता के कारण भारत की 'आयरन लेडी' कहलाईं।


राहुल गांधी ने कहा, "आज भारत जोड़ो यात्रा में साथ चलते हुए देश की सेवा में समर्पित महिलाओं को देखता हूं तो इनमें उन स्वतंत्रता सेनानियों का वही जज्बा झलकता है। इन्होंने भारत को जोड़ने का दारोमदार बराबरी से अपने कंधों पर ले रखा है जिसे वह यात्रा का नेतृत्व कर बखूबी निभा रही हैं।"

राहुल गांधी इन दोनों हरियाणा में दूसरे चरण की भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। सोमवार को हरियाणा में यात्रा का अन्तिम दिन है। इसके बाद यात्रा पंजाब में प्रवेश करेगी। कांग्रेस पार्टी की ये भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी, जो 12 राज्यों से होकर जम्मू कश्मीर में समाप्त होगी। राहुल गांधी अब तक तीन हजार किलोमीटर से ज्यादा पैदल चल चुके हैं। अब सिर्फ 342 किलोमीटर की यात्रा बची है। हरियाणा के बाद यात्रा पंजाब और फिर जम्मू कश्मीर पहुंचेगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia