श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में ISI की साजिश का खुलासा! प्यार और पैसों के जाल में फंसाई गई महिला, दो गिरफ्तार

श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह गिरफ्तार हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, आईएसआई एजेंटों ने महिला को प्रेमजाल में फंसाया था।

फोटो: सोशल मीडिया
i
  • श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में पुलिस ने महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है।

  • पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी महकदीप को कथित आईएसआई एजेंटों ने प्रेमजाल में फंसाकर साजिश में शामिल किया।

  • पूछताछ में 'शाह' और 'चाचा' नाम के दो लोगों से संपर्क की बात सामने आई है, जिन्हें आईएसआई एजेंट बताया जा रहा है।

  • 3 नवंबर को अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर हुए धमाके में दो से तीन सीमेंट के स्लीपर क्षतिग्रस्त हुए थे।

राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके की जांच में पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस मामले में महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, महकदीप इस साजिश की मुख्य आरोपी है और उसे पाकिस्तान में बैठे कथित आईएसआई एजेंटों ने पहले प्रेमजाल में फंसाया, फिर पैसों का लालच देकर अपने मंसूबे में शामिल कर लिया। जांच में 'शाह' और 'चाचा' नाम के दो संदिग्धों की भूमिका भी सामने आई है, जिन्हें एजेंसियां आईएसआई एजेंट बता रही हैं।

पुलिस पूछताछ में महकदीप ने बताया कि उसका पति ड्रग्स के मामले में जेल में बंद है और उसका तलाक हो चुका है। उसने पाकिस्तान में बैठे 'शाह' और 'चाचा' नाम के दो लोगों के संपर्क में होने की बात भी बताई। पुलिस के अनुसार, ये दोनों असली नाम नहीं, बल्कि आईएसआई एजेंटों के कोडनेम हैं।

प्यार और पैसों के लालच में फंसाने का तरीका

जांच एजेंसियों का कहना है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई अब जासूसी और आतंकी साजिशों के लिए नए तरीके अपना रही है। एजेंट कथित तौर पर अकेली महिलाओं और लड़कियों को पहले प्रेमजाल में फंसाते हैं। इसके बाद उन्हें पैसों का लालच देकर अपने काम में शामिल कर लेते हैं।

राजस्थान में इससे पहले भी इसी तरह का मामला सामने आया था। पुलिस ने गंगापुर सिटी से बबीता नाम की महिला को गिरफ्तार किया था। उसे भी कथित तौर पर एक आईएसआई एजेंट ने प्रेमजाल में फंसाया था। श्रीगंगानगर मामले की जांच में सामने आए तथ्यों के बाद एजेंसियां इस तरीके से महिलाओं को जासूसी और दूसरी गतिविधियों में शामिल किए जाने के पहलू की भी पड़ताल कर रही हैं।


3 नवंबर को रेलवे ट्रैक पर हुआ था जोरदार धमाका

श्रीगंगानगर जिले में 3 नवंबर को अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर गांव 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ था। विस्फोट इतना तेज था कि पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो से तीन स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए। स्लीपर के भीतर लगा सरिया बाहर निकल आया और रेलवे लाइन के क्लिप भी पटरी से अलग हो गए थे।

जानकारी के मुताबिक, अनूपगढ़ से सूरतगढ़ जाने वाली ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद यह धमाका हुआ था। आशंका जताई गई थी कि अनूपगढ़ से बठिंडा जाने वाली ट्रेन को निशाना बनाने की साजिश रची गई थी। घटना की सूचना मिलते ही श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरि शंकर मौके पर पहुंचे थे और जरूरी साक्ष्य जुटाए थे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए