मध्य प्रदेश के सतना में भगवा ब्रिगेड ने नेहरू की प्रतिमा तोड़ी, वीडियो वायरल होने पर 6 गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्विटर पर घटना का वीडियो शेयर करते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रतिमा की सुरक्षा की भी मांग की है।

फोटोः वीडियोग्रैब
फोटोः वीडियोग्रैब
user

नवजीवन डेस्क

देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की 58वीं पुण्यतिथि से दो दिन पहले भगवा ब्रिगेड के सदस्यों ने मध्य प्रदेश के सतना जिले में उनकी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद जागी पुलिस ने वीडियो की पुष्टि के बाद प्राथमिकी दर्ज कर 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। भगवा ब्रिगेड शब्द का इस्तेमाल आरएसएस, बीजेपी और उनसे जुड़े अन्य सहयोगियों के लिए किया जाता है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए घटना के वीडियो के अनुसार, पांच छह लोगों के एक समूह ने भगवा झंडे लिए नेहरू की प्रतिमा के निचले हिस्से को नुकसान पहुंचाकर प्रतिमा को नष्ट करने की कोशिश की, जो जिला कलेक्ट्रेट के पास स्थित है। वीडियो में दक्षिणपंथी संगठनों से जुड़े असामाजिक तत्वों को प्रतिमा पर लाठी और लोहे की रॉड मारते देखा जा सकता है। भगवा ब्रिगेड के सदस्यों में से एक को नेहरू की प्रतिमा को हथौड़े से तोड़ने की कोशिश करते देखा जा सकता है।


इस बीच, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्विटर पर घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने घटना का वीडियो भी शेयर किया।

युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजदीप सिंह ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया है। वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता केके मिश्रा ने कहा कि भगवा ब्रिगेड के असामाजिक तत्व चाहे कितनी भी कोशिश कर लें, वे नेहरू की विरासत को खत्म नहीं कर सकते।


पुलिस ने वायरल वीडियो की पुष्टि के बाद प्राथमिकी दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। सतना जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन पर नेहरू की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने और समाज में सामाजिक गड़बड़ी पैदा करने का मामला दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे की जांच जारी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia