असम चुनाव में जबरदस्त वोटिंग बदलाव का संकेत, लोगों ने नए नेतृत्व की उम्मीद में मतदान किया: गौरव गोगोई

गौरव गोगोई ने कहा कि अब निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है कि वह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की सुरक्षा सुनिश्चित करे और चार मई को मतों की सही गिनती कराए।

असम चुनाव में जबरदस्त वोटिंग बदलाव का संकेत, लोगों ने नए नेतृत्व की उम्मीद में मतदान किया: गौरव गोगोई
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

असम विधानसभा चुनाव के लिए आज हुए भारी मतदान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने राज्य के लोगों का आभार जताया है। गौरव गोगोई ने कहा कि राज्य के लोगों ने बदलाव के लिए बड़ी संख्या में मतदान किया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने ‘‘नए बोर-असम’’ (नए और ग्रेटर असम) और नए नेतृत्व की उम्मीद में मतदान किया। गोगोई ने कहा, ‘‘अब निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है कि वह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की सुरक्षा सुनिश्चित करे और चार मई को मतों की सही गिनती कराए।’’

गौरव गोगोई ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी और राज्य के प्रभारी चुनाव पर्यवेक्षकों को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने गठबंधन सहयोगियों - रायजोर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई, असम जातीय परिषद के प्रमुख लुरिनज्योति गोगोई, माकपा के राज्य सचिव सुप्रकाश तालुकदार, भाकपा (माले) के राज्य सचिव बिबेक दास और एपीएचएलसी के अध्यक्ष जॉन इंगती कथार के प्रति आभार व्यक्त किया।


वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जबरदस्त मतदान ‘‘सामान्य बात नहीं है बल्कि ऐतिहासिक’’ है। शर्मा ने कहा कि इस चुनाव का परिणाम ‘‘हमारे लोगों के चेहरों पर उम्मीद, गर्व और खुशी के रूप में पहले से ही दिखाई दे रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज पहली बार, हमारे लोग अभूतपूर्व संख्या में मतदान करने के लिए निकले- कंधे से कंधा मिलाकर, मतदान में अपने विरोधियों के बराबर और उनसे आगे भी निकल आए हैं। कई मतदान केंद्रों पर भागीदारी 95 प्रतिशत से अधिक हो गई। यह सामान्य बात नहीं है। यह ऐतिहासिक है।’’

असम विधानसभा चुनाव के लिए मतदान गुरुवार शाम पांच बजे समाप्त हो गया, जिसमें लगभग 84.42 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। असम में आज एक ही चरण में सभी 126 सीटों पर मतदान हुआ। मतदान के बाद अब सबको 4 मई का इंतेजार है, जब मतों की गिनती होगी। असम में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधी लड़ाई है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia