बिहार के छात्र सवाल पूछते रहेंगे, अब सिर्फ जवाब नहीं, जवाबदेही चाहिए: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि यह उस बीजेपी सरकार की मानसिकता का सवाल है, जिसके पास जवाब नहीं हैं, इसलिए वह पुलिस को जवाबदेही से बचने का हथियार बना रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार यह समझ ले कि लाठी से सवाल नहीं रुकते। डराकर किसी का भविष्य नहीं छीना जा सकता।

बिहार के छात्र सवाल पूछते रहेंगे, अब सिर्फ जवाब नहीं, जवाबदेही चाहिए: राहुल गांधी
i

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पटना में मंगलवार को बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षाओं से जुड़ी मांगों को लेकर छात्रों के प्रदर्शन और उस पर पुलिस लाठीचार्ज को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्र सवाल पूछते रहेंगे और अब उन्हें केवल जवाब नहीं, बल्कि ‘‘जवाबदेही’’ चाहिए।

राहुल गांधी ने पटना में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान एक छोटे बच्चे को पुलिकर्मियों द्वारा साथ ले जाए जाने का वीडियो ‘एक्स’ पर साझा करते हुए यह भी कहा कि सरकार जवाब देने के बजाय लाठी और वॉटर कैनन चला रही है और छात्रों को हिरासत में ले रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि बच्चे को प्रदर्शनकारियों के बीच से सुरक्षित निकटवर्ती थाने ले जाया गया और बाद में उसकी मां को सौंप दिया गया।

अब सिर्फ़ जवाब नहीं- जवाबदेही चाहिए

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘बिहार के छात्र सवाल पूछते रहेंगे। और अब सिर्फ़ जवाब नहीं- जवाबदेही चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘बिहार के छात्रों का सवाल बहुत सीधा है- भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी क्यों? पेपर लीक के आरोपों पर कार्रवाई क्यों नहीं? और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कब तक?’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि बीपीएससी की परीक्षाओं को लेकर विवाद नया नहीं है और छात्र लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा पैटर्न, देरी तथा पारदर्शिता को लेकर सड़कों पर हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पर सरकार जवाब देने के बजाय कर क्या रही है? लाठी और वॉटर कैनन चला रही है। छात्रों को हिरासत में ले रही है। सीवान में तो प्रदर्शनकारियों पर एके 47 से गोलीबारी तक सामने आई।’’


यह बीजेपी सरकार की मानसिकता का सवाल है

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘यह सिर्फ पुलिस की कार्रवाई का सवाल नहीं। यह उस बीजेपी सरकार की मानसिकता का सवाल है, जिसके पास जवाब नहीं हैं, इसलिए वह पुलिस को जवाबदेही से बचने का हथियार बना रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘बीजेपी सरकार यह समझ ले कि लाठी से सवाल नहीं रुकते। डराकर किसी का भविष्य नहीं छीना जा सकता।’’ उन्होंने कहा कि बिहार के छात्र अपने सवाल उठाते रहेंगे और अब केवल जवाब नहीं, जवाबदेही की मांग करेंगे।

इसे भी पढ़ेंः अब ‘जेन अल्फा’ भी उठा रहा शिक्षा व्यवस्था पर सवाल, जंतर-मंतर से गांवों तक पहुंचा छात्र असंतोष की गूंज

पटना में मंगलवार को छात्रों पर जमकर लाठीचार्ज

पटना में मंगलवार को बीपीएससी परीक्षा से जुड़ी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र और नौकरी के अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च से रोकने के लिए पुलिस ने जमकर बल प्रयोग किया। प्रदर्शनकारियों द्वारा अवरोधक तोड़ने के बाद पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार की और लाठीचार्ज भी किया। इस दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया। कुछ प्रदर्शनकारी और पुलिसकर्मी घायल भी हुए।

इसे भी पढ़ेंः तेजस्वी ने छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर बिहार सरकार को घेरा, कहा- चोर चोरी से जाए, सीनाजोरी से न जाए

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए