हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में आज शपथ लेंगे सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री होंगे डिप्टी सीएम

सुक्खू ने छात्र राजनीति में अपना करियर शुरू किया और 2013 से 2019 तक पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख के पद पर रहे। उन्होंने अपने कॉलेज के दिनों में पार्टी के छात्र विंग नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) की सेवा की है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में सुखविंदर सिंह सुक्खू आज शपथ लेंगे। दोपहर 1:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। शनिवार को शिमला में हुए कांग्रेस पार्टी के विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री के रूप में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम की घोषणा की गई। मुकेश अग्निहोत्री डिप्टी सीएम होंगे। प्रदेश के नए सीएम के तौर पर अपने नाम की घोषणा के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मैं और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री एक टीम की तरह का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश की जनता का शुक्रगुजार हूं। हमने हिमाचल प्रदेश की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है। राज्य के विकास के लिए हमें काम करना है। हिमाचल प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आगे कहा कि राजनीति की जो सीढियां मैंने चढ़ी हैं उसमें गांधी परिवार का बहुत योगदान रहा है। जो वादे हमने जनता से किए उसे लागू करने की जवाबदेही मेरी है। हम सत्ता, सत्ता के लिए नहीं चाहते हैं हम सत्ता परिवर्तन के लिए लाए हैं।

इससे पहले चुनाव पर्यवेक्षक और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने राजधानी शिमला के चौड़ा मैदान स्थित सिसिल होटल में हर विधायक से अकेले-अकेले मुलाकात की। पांच बजे विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई। बैठक के बाद प्रदेश के नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम का एलान किया गया।

इस ऐलान के बाद कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा कहा कि रविवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी शामिल होंगे। सभी विधायकों को भी निमंत्रित किया गया है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुक्खू नादौन विधानसभा क्षेत्र से चौथी बार विधायक चुने गए हैं। वहीं उपमुख्यमंत्री चुने गए मुकेश अग्निहोत्री हरोली से चुनाव जीतकर आए हैं।


सुखविंदर सिंह सुक्खू का राजनीतिक सफर

सुक्खू ने छात्र राजनीति में अपना करियर शुरू किया और 2013 से 2019 तक पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख के पद पर रहे। उन्होंने अपने कॉलेज के दिनों में पार्टी के छात्र विंग नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) की सेवा की है। 1989 में उन्हें इसकी राज्य इकाई का अध्यक्ष चुना गया। सुक्खू ने राज्य युवा कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। राज्य की राजनीति में शामिल होने से पहले, उन्होंने दो बार 1992 और 2002 में शिमला नगर निगम के पार्षद के रूप में कार्य किया। हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में सुक्खू ने चुनाव अभियान समिति का नेतृत्व किया।

 मुकेश अग्निहोत्री का राजनीतिक सफर

पत्रकार से राजनेता बने 60 वर्षीय मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना जिले में अपने गढ़ हरोली सीट को बरकरार रखा, जिस सीट से उन्होंने पहले तीन बार- 2007, 2012 और 2017 में प्रतिनिधित्व किया था। 8 दिसंबर को विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला, 68 सदस्यीय सदन में 34 से छह अधिक- 40 सीटें जीतीं, जबकि निवर्तमान बीजेपी 25 पर सिमट गई।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia