पंजाबः 'खालिस्तानी' अमृतपाल सिंह के समर्थक पुलिस से भिड़े, बैकफुट पर आई पुलिस, 'तूफान' को छोड़ने का एलान किया

कट्टरपंथी संगठन वारिस पंजाब डे की स्थापना दीप सिद्धू ने की थी, जिसकी पिछले साल एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उसके बाद इसके प्रमुख बने अमृतपाल सिंह ने हाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जैसा हश्र होने की धमकी दी थी।

फोटोः IANS
i

पंजाब के अमृतसर जिले में आज वारिस पंजाब डे ग्रुप के प्रमुख और खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के सहयोगी लवप्रीत तूफान की गिरफ्तारी के खिलाफ उनके समर्थक तलवार और अन्य हथियार लिए पुलिस पुलिस परिसर में जबरदस्ती घुस गए और जवानों से भिड़ गए। इस झड़प में छह पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमृतपाल सिंह ने भी अपने कई समर्थकों के घायल होने का दावा किया है।

अमृतपाल के करीबी लवप्रीत की गिरफ्तारी का विरोध

अमृतपाल सिंह के समर्थक अपने नेता के सहयोगी लवप्रीत तूफान की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे। थाने में घुसे खालिस्तान समर्थकों ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि अगर उससे पहले तूफान को नहीं छोड़ा गया तो अंजाम बुरा होगा। 'वारिस पंजाब डे' के प्रमुख अमृतपाल सिंह ने कहा कि 24 घंटे के अंदर तूफान सिंह को रिहा किया जाए। हम 24 घंटे भी इंतजार नहीं करेंगे।


अमृतपाल समर्थकों को देख पुलिस के हाथ-पांव फूले

अमृतपाल सिंह के समर्थकों के तेवर देखकर पुलिस के भी हाथ-पांव फूल गए। झड़प और हंगामे के बीच अमृतसर के एसएसपी ने कहा कि हमारे सामने पेश किए गए सबूतों के मुताबिक लवप्रीत तूफान को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। वहीं अमृतसर के पुलिस कमिश्नर ने कहा कि उन्होंने पर्याप्त सबूत दिए हैं कि वह (लवप्रीत तूफान) निर्दोष है। एसआईटी ने इसका संज्ञान लिया है। ये लोग अब शांतिपूर्वक तितर-बितर हो जाएंगे और कानून अपना काम करेगा।

अपहरण और पिटाई के मामले में हुआ था केस

दरअसल रोपड़ जिले के चमकौर साहिब के निवासी अमृतपाल सिंह और उसके समर्थकों के खिलाफ कथित रूप से अपहरण और पिटाई के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में लवप्रीत तूफान को गिरफ्तार किया गया था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और तस्वीरों में थाने के बाहर प्रदर्शनकारियों की भीड़ दिख रही है, जबकि पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है।


अमृतपाल ने सीधा अमित शाह को दी है धमकी

हाल ही में कथित तौर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जैसा हश्र होने की धमकी देने वाले अमृतपाल सिंह ने कहा कि केवल राजनीतिक मकसद से एफआईआर दर्ज की गई है। यदि वे एक घंटे में प्रकरण निरस्त नहीं करते हैं तो आगे जो भी होगा उसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा। वारिस पंजाब डे कट्टरपंथियों का एक संगठन है जिसकी स्थापना एक्टिविस्ट दीप सिद्धू ने की थी, जिसकी पिछले साल फरवरी में एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए