बिहार: पूर्व सांसद आनंद मोहन को फिर जाना होगा जेल! सुप्रीम कोर्ट ने रद्द की रिहाई, जानें अब आगे क्या होगा

सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द कर एक महीने में सरेंडर का आदेश दिया है। बिहार सरकार का 2023 का जेल नियमावली संशोधन भी असंवैधानिक घोषित हो गया है।

पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई सुप्रीम कोर्ट ने रद्द की।
i
  • सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार का 2023 का संशोधन असंवैधानिक घोषित किया।

  • आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई का आदेश भी रद्द कर दिया गया है।

  • अदालत ने एक महीने के भीतर जेल प्रशासन के सामने सरेंडर करने का निर्देश दिया।

  • कोर्ट ने जी कृष्णैया की पत्नी को सुनवाई का अवसर देकर नए सिरे से सजा माफी पर विचार करने की छूट दी है।

बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सुप्रीम कोर्ट ने 1994 के आईएएस अधिकारी जी कृष्णैया हत्याकांड में उनकी समयपूर्व रिहाई को रद्द कर दिया है। अदालत ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर संबंधित जेल प्रशासन के सामने आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही कोर्ट ने बिहार सरकार के उस संशोधन को भी असंवैधानिक करार दिया है, जिसके आधार पर आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता साफ हुआ था।

गुरुवार को जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने यह फैसला सुनाया। यह याचिका मारे गए आईएएस अधिकारी जी कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने दायर की थी। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका स्वीकार करते हुए बिहार सरकार के 10 अप्रैल 2023 के फैसले और आनंद मोहन को समयपूर्व रिहाई देने के आदेश को रद्द कर दिया। हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार को सुनवाई का अवसर देने के बाद सजा माफी पर नए सिरे से विचार कर सकती है।

क्यों रद्द हुई आनंद मोहन की रिहाई?

दरअसल, आनंद मोहन को आईएएस अधिकारी जी कृष्णैया की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा हुई थी। दिसंबर 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की भीड़ ने हत्या कर दी थी। इस मामले में आनंद मोहन को दोषी ठहराया गया था। निचली अदालत ने 2007 में उन्हें मौत की सजा सुनाई थी, जिसे पटना हाईकोर्ट ने 2008 में उम्रकैद में बदल दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने भी 2012 में इस फैसले को बरकरार रखा था।

आनंद मोहन अप्रैल 2023 में सहरसा जेल से रिहा हुए थे। उनकी समयपूर्व रिहाई के लिए बिहार सरकार ने 10 अप्रैल 2023 को बिहार जेल नियमावली, 2012 के नियम 481(1)(a) में संशोधन किया था। इस बदलाव से ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषियों को समयपूर्व रिहाई के लिए अयोग्य मानने वाली शर्त हटा दी गई थी। इसी संशोधन के बाद आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता खुला था।

सुप्रीम कोर्ट ने अब इस संशोधन को असंवैधानिक घोषित कर दिया है। अदालत के मुताबिक, बिहार सरकार इस बदलाव के पीछे कोई तार्किक और वैध सार्वजनिक उद्देश्य साबित नहीं कर सकी। कोर्ट ने इसे मनमाना बताते हुए संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन माना है। इससे आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई का आदेश भी टिक नहीं सका।


एक महीने में सरेंडर, फिर क्या होगा?

सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर संबंधित जेल प्रशासन के सामने आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। अगर वह तय समय में सरेंडर नहीं करते हैं तो संबंधित अधिकारी कानून के मुताबिक, कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लेंगे।

हालांकि, अदालत ने बिहार सरकार के लिए सजा माफी पर नए सिरे से विचार करने का रास्ता पूरी तरह बंद नहीं किया है। इसके लिए सरकार को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया अपनानी होगी और जी कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया को अपनी बात रखने का उचित अवसर देना होगा। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार की आपत्ति पर विचार करना जरूरी है, लेकिन उसे अंतिम वीटो का अधिकार नहीं होगा।

आनंद मोहन की रिहाई के लिए बदले गए थे जेल नियम

आनंद मोहन की रिहाई को लेकर बिहार सरकार का अप्रैल 2023 का फैसला विवादों में रहा था। बिहार की पहले की सजा माफी नीति के तहत ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषियों को कम से कम 20 साल की सजा पूरी किए बिना समयपूर्व रिहाई का लाभ नहीं मिल सकता था।

10 अप्रैल 2023 को बिहार जेल नियमावली में बदलाव करके इस श्रेणी के दोषियों को भी सजा माफी के लिए पात्र बना दिया गया। इसके बाद 24 अप्रैल 2023 को आनंद मोहन जेल से बाहर आ गए। आईएएस अधिकारी की पत्नी उमा कृष्णैया ने इस संशोधन और रिहाई के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। अब शीर्ष अदालत ने उनकी याचिका स्वीकार करते हुए बिहार सरकार के संशोधन और आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई, दोनों को रद्द कर दिया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए