बैंकॉक से मुंबई आ रही इंडिगो की फ्लाइट में केबिन क्रू से छेड़छाड़, स्वीडिश नागरिक गिरफ्तार

स्वीडन के एक 62 साल के नागरिक को इंडिगो एयर होस्टेस के साथ छेड़खानी करना महंगा पड़ा है। उसे मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

नशे में धुत एक स्वीडिश नागरिक को मुंबई पुलिस ने इंडिगो की बैंकॉक से मुंबई आ रही फ्लाइट में केबिन क्रू के साथ छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, क्लास एरिक हेराल्ड जोनास वेस्टबर्ग ने कथित तौर पर एक सह-यात्री के साथ मारपीट की और 6ए-1052 इंडिगो फ्लाइट में बीच हवा में हंगामा किया। जानकारी के मुताबिक ये फ्लाइट बैंकॉक से मुंबई आ रही थी।

सूत्रों ने दावा किया कि, आरोपी यात्री ने उस समय अनियंत्रित व्यवहार करना शुरू कर दिया जब चालक दल के एक सदस्य ने उसे बताया कि विमान में खाना नहीं है। आरोपी चिकन डिश लेने के लिए तैयार हो गया और जब एयर होस्टेस भुगतान करने के लिए पीओएस मशीन लेकर उसके पास पहुंची, तो कार्ड स्वाइप करने के बहाने उसने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और गलत तरीके से एयर होस्टेस का हाथ पकड़ लिया।

बाद में मामले की सूचना संबंधित पुलिस को दी गई और मामला दर्ज कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद, उन्हें कथित तौर पर अंधेरी मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट के सामने पेश किया गया, जिसने उसे जमानत दे दी। पिछले कुछ हफ्तों में एयरलाइनों द्वारा हवाई यात्रियों के अनियंत्रित होने की ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं।

हाल ही में, दुबई से मुंबई जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में यात्रा कर रहे दो यात्रियों ने चालक दल की कई चेतावनियों के बावजूद शराब का सेवन जारी रखा। उन्होंने चालक दल और सह-यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार किया।

सीएआर में परिभाषित प्रक्रिया के अनुसार, एयरलाइंस द्वारा यात्रियों को 'नो फ्लाई लिस्ट' में रखे जाने से पहले यात्रियों को जवाबदेह ठहराने के लिए एक निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना आवश्यक है।

एयरलाइंस द्वारा प्रदान की गई जानकारी के आधार पर, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा 'नो फ्लाई लिस्ट' का रखरखाव किया जाता है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia