तमिलनाडु चुनावः अभिनेता से नेता बने विजय ने तिरुचि ईस्ट से भरा नामांकन, समर्थकों की भीड़ के साथ दिखाई ताकत

इस चुनाव में विजय दो सीटों से मैदान में हैं। इससे पहले वे पेरंबलूर सीट से भी नामांकन दाखिल कर चुके हैं।

तमिलनाडु चुनावः अभिनेता से नेता बने विजय ने तिरुचि ईस्ट से भरा नामांकन, समर्थकों की भीड़ के साथ दिखाई ताकत
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

तमिलनाडु की राजनीति में अभिनेता से नेता बनकर प्रवेश करने वाले विजय ने गुरुवार को तमिलनाडु चुनाव के लिए तिरुचि ईस्ट विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे शहर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और हालात बिगड़ते-बिगड़ते बचा।

टीवीके नेता विजय के काफिले के साथ सैकड़ों उत्साहित समर्थक दौड़ते नजर आए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन भीड़ इतनी थी कि कुछ देर के लिए स्थिति बिगड़ गई। इसी दौरान एक महिला, जो काफिले के साथ दौड़ रही थी, संतुलन खो बैठी और गिर गई। यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों में चिंता बढ़ गई। घटना को देखते ही विजय ने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई, नीचे उतरकर महिला की स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, इस वजह से कुछ समय के लिए ट्रैफिक भी रुक गया।


इसके बाद विजय ने तिरुचि ईस्ट निर्वाचन कार्यालय में रिटर्निंग ऑफिसर मुथु मुरुगेसा पांडियन के सामने अपना नामांकन पत्र जमा किया। इस चुनाव में विजय दो सीटों से मैदान में हैं। इससे पहले वे पेरंबलूर सीट से भी नामांकन दाखिल कर चुके हैं। नामांकन के बाद विजय ने पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन (एमजीआर) की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।

इसके बाद उन्होंने जनता से मुलाकात की और कई मुद्दों को उठाया। विजय ने कुछ इलाकों में एलपीजी सिलेंडर की कमी को लेकर सवाल उठाए और पूछा कि क्या सभी घरों को पर्याप्त गैस मिल रही है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार दोनों की आलोचना करते हुए कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए।


मुख्यमंत्री एमके स्टालिन पर निशाना साधते हुए विजय ने पूछा कि जब अन्य मुद्दों के लिए दिल्ली जाया जा सकता है, तो गैस संकट के लिए क्यों नहीं। इसके अलावा उन्होंने कानून-व्यवस्था पर भी चिंता जताई और विलाथिकुलम में एक स्कूली छात्रा की हत्या का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और राज्य में बदलाव की जरूरत है। विजय ने मतदाताओं से अपील की कि वे सत्ता में मौजूद 'बुरी ताकतों' को हराएं।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia