संकट में घिरे श्रीलंका के नागरिकों की भारत में घुसपैठ की आशंका, रोकने के लिए तमिलनाडु पुलिस हाई अलर्ट पर

हंबनटोटा जेल से भागे 50 कैदियों के समुद्री रास्ते भारत आने की संभावना पर भी तमिलनाडु पुलिस सतर्क है। राज्य के गृह विभाग ने तटीय पुलिस को धनुषकोडी, रामेश्वरम और अन्य तटीय क्षेत्रों में ग्राम समितियों को कैदियों को लेकर सतर्क रहने का निर्देश देने को कहा है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

राजनीतिक और आर्थिक संकट में घिरे श्रीलंका में चौतरफा हिंसा फैलने के बाद वहां के कई नागरिकों द्वारा भारत में घुसपैठ करने की आशंका है। इसे रोकने के लिए तमिलनाडु की तटीय पुलिस हाई अलर्ट पर है। इस मामले पर तमिलनाडु के गृह विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारत में श्रीलंकाई लोगों के आने की संभावना को लेकर राज्य लगातार केंद्रीय गृह मंत्रालय के संपर्क में है।

हंबनटोटा जेल से भागकर आए 50 कैदियों के समुद्र के रास्ते भारत आने की संभावना पर भी पुलिस सतर्क है। राज्य के गृह विभाग ने तमिलनाडु के तटीय पुलिस को धनुषकोडी, रामेश्वरम और राज्य के अन्य तटीय क्षेत्रों में ग्राम समितियों को कैदियों की उपस्थिति के बारे में पुलिस को सूचित करने के साथ उन्हें सतर्क रहने का भी निर्देश दिया है।


हालांकि, पुलिस मुख्यालय में स्थित एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पुलिस इस संभावना का भी पता लगा रही है कि कहीं लिट्टे के कैडर इस अवसर का उपयोग करके भारत में घुसने की कोशिश तो नहीं कर रहे हैं। कुछ लोगों को अक्टूबर 2021 में गिरफ्तार किया गया था, जब उन्होंने मुंबई में लिट्टे के समर्थकों के एक निष्क्रिय खाते से पैसे निकालने की कोशिश की थी और पूछताछ करने पर पुलिस को सूचित किया था कि वे लिट्टे के संचालन के लिए धन एकत्र कर रहे थे।

तमिलनाडु के गृह विभाग के सूत्रों ने बताया कि राज्य पुलिस का तटीय सुरक्षा समूह भारतीय जल सीमा से श्रीलंकाई नागरिकों के भारत में आने को लेकर तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना के साथ मिलकर काम कर रहा है। राज्य के गृह विभाग ने तमिलनाडु के मछुआरों को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास मछली पकड़ने के दौरान सतर्क रहने का भी निर्देश दिया है।


गौरतलब है कि हाल के दिनों में श्रीलंकाई नौसेना अधिकारियों द्वारा तमिलनाडु के कई भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया और जेल में रखा गया और इस दौरान उनकी नौकाओं को भी जब्त किया गया है। द्वीप देश से भारतीय तटों में ड्रग्स, हथियारों और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी को रोकने के लिए पुलिस सतर्क है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia