तमिलनाडुः लॉकडाउन में तंगी का शिकार रूसी जोड़ा पहाड़ी पर जा चढ़ा, ड्रोन के जरिये पुलिस ने ढूंढ निकाला

तमिलनाडु पुलिस ने रूसी जोड़े को बचाने के बाद दोनों का कोरोना वायरस परीक्षण भी कराया, जो निगेटिव आया है। फिलहाल इस जोड़े को एक गैर-सरकारी संगठन से संबंधित स्थान पर रखा गया है और उन्हें किराने के सामान की आपूर्ति करने का आश्वासन भी दिया है।

फोटोः सोशल मीडिय़ा
फोटोः सोशल मीडिय़ा
user

नवजीवन डेस्क

भारत में देशव्यापी लॉकडाउन की वजह से आर्थिक तंगी में आए एक रूसी जोड़े को तमिलनाडु पुलिस ने तिरुवनमलाई की अन्नमलाई पहाड़ियों पर से ढूंढकर बचा लिया है। नकदी संकट झेल रहा यह जोड़ा पहाड़ी पर जा चढ़ा था। तमिलनाडु पुलिस के अनुसार, रूसी नागरिक विक्टर मकसुतोव (29 साल) और तातियाना सिमोनेवा (28 साल) एक आध्यात्मिक यात्रा पर भारत आए थे और दोनों तिरुवन्नामलाई में रह रहे थे। वे वहीं के एक आश्रम में उपलब्ध भोजन ले रहे थे।

भारत में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए अचानक लॉकडाउन के ऐलान के कारण वे अपने देश वापस नहीं लौट सके। पुलिस के अनुसार धीरे-धीरे उनके सारे पैसे खत्म हो गए और वे अपने रहने की जगह का किराया देने में असमर्थ हो गए। इस पर दोनों लोगों ने पहाड़ियों पर चढ़ने का फैसला कर किया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने उन्हें पहाड़ियों पर चढ़ते हुए देख लिया और अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद पुलिस ने ड्रोन के उपयोग से उनको खोजा और रविवार को उन्हें नीचे उतारा गया।

पुलिस जिस समय दंपति के पास पहुंची तो उस समय न तो उनके पास खाना था और न ही पैसे। तिरुवन्नामलाई के एसपी सिबी चक्रवर्ती ने बताया कि इस दंपति को तब स्पॉट किया गया जब पुलिसकर्मी ड्रोन से पहाड़ी पर नजर रखे हुए थे। ये जोड़ा पहाड़ी पर करीब तीन चौथाई चढ़ाई कर चुका था और शिखर पर पहुंचने की कोशिश कर रहा था। एसपी के मुताबिक पैसे खत्म हो जाने के कारण दंपति ने हताश होकर पहाड़ी के शिखर पर पहुंच कर ध्यान करने का फैसला किया था।

पुलिस ने रूसी जोड़े को बचाने के बाद दोनों का कोरोना वायरस परीक्षण भी कराया, जो निगेटिव आया है। फिलहाल इस जोड़े को एक गैर-सरकारी संगठन से संबंधित स्थान पर रखा गया है और उन्हें किराने के सामान की आपूर्ति करने का आश्वासन भी दिया है। बता दें कि कुछ समय पहले, अधिकारियों ने अन्नामलाई पहाड़ियों की एक गुफा से एक चीनी नागरिक को नीचे उतारा था। उसका भी कोरोना वायरस परीक्षण निगेटिव आया था। उसे एक अस्पताल में रखा गया था।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia