तमिलनाडुः स्टालिन ने तिरुवरूर से चुनाव प्रचार की शुरुआत की, पलानीस्वामी और बीजेपी पर निशाना साधा
उपमुख्यमंत्री उदयनिधि ने एक जनसभा में कहा कि सत्तारूढ़ डीएमके यह साबित करेगी कि पार्टी और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ही असली चैंपियन हैं, चाहे 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव में उसे चुनौती देने के लिए कितनी ही टीम क्यों न खड़ी कर दी जाएं।

मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने 23 अप्रैल को होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को अपना प्रचार अभियान शुरू किया और अन्नाद्रमुक प्रमुख पलानीस्वामी की आलोचना करते हुए कहा कि उनके पास कोई दीर्घकालिक दृष्टिकोण नहीं है। वहीं उनके बेटे और उपमुख्यमंत्री उदयनिधि ने एक सभा में कहा कि सत्तारूढ़ डीएमके यह साबित करेगी कि पार्टी और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ही असली चैंपियन हैं, चाहे 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव में उसे चुनौती देने के लिए कितनी ही टीम क्यों न खड़ी कर दी जाएं।
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) प्रमुख स्टालिन ने अपनी पार्टी और सहयोगी दलों के उम्मीदवारों का औपचारिक रूप से परिचय कराते हुए और उनके लिए समर्थन मांगते हुए आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का एकमात्र उद्देश्य तमिलनाडु के विकास में बाधा डालना है। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए का उद्देश्य द्रविड़ मॉडल के तहत हुए विकास को खत्म करना है।
स्टालिन ने कहा, ‘‘एनडीए का यही उद्देश्य है। एनडीए का नेतृत्व करने वाली बीजेपी ने अन्नाद्रमुक को इसलिए खरीदा है क्योंकि तमिलनाडु में हमारे खिलाफ लड़ने की ताकत उनके पास नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘तमिलनाडु में एनडीए की हार निश्चित है। विधानसभा चुनाव तमिलनाडु और दिल्ली-एनडीए के बीच की लड़ाई है।’’ स्टालिन ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने अन्नाद्रमुक प्रमुख पलानीस्वामी को आसानी से डराकर पार्टी को अपने ‘‘गुलाम गठबंधन’’ में फंसा लिया। रैली के बाद, स्टालिन तिरुवरूर की सड़कों पर घूमे और लोगों से बातचीत करते हुए वोट मांगे।
साबित करेंगे कि डीएमके और स्टालिन चैंपियन हैंः उदयनिधि
तमिलनाडु के धर्मपुरी में एक सभा को संबोधित करते हुए राज्य के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि चाहे 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में उसे चुनौती देने के लिए कितनी ही टीम क्यों न खड़ी कर दी जाएं, सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) यह साबित करेगी कि पार्टी और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ही असली चैंपियन हैं। उदयनिधि ने अन्नाद्रमुक पर राज्य में बीजेपी को पैर जमाने में मदद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आगामी चुनाव आत्मसम्मान की भूमि तमिलनाडु और दिल्ली की टीम के बीच एक मुकाबला है।
उदयनिधि ने जिले के पप्पिरेड्डीपट्टी में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘चुनाव में हमारे खिलाफ खड़ी कई टीम की परवाह किए बिना, हम साबित करेंगे कि डीएमके और हमारे मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ही असली चैंपियन हैं।’’ उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों से सवाल किया, ‘‘क्या आप साबित करेंगे कि डीएमके और हमारे मुख्यमंत्री ही असली चैंपियन हैं? क्या आप ऐसा कर पाएंगे? क्या आप साबित करेंगे कि आत्मसम्मान की भूमि तमिलनाडु हमेशा दिल्ली के नियंत्रण से बाहर है और राज्य में किसी भी चाटुकार समूह के लिए कोई जगह नहीं है?’’ उदयनिधि के सवालों का वहां मौजूद लोगों ने ‘हां’ में जवाब दिया।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia