'तौकते' ने मुंबई में बरपाया कहर, बॉम्बे हाई में फंसे ONGC के 273 कर्मियों के बचाव में उतरी नौसेना

अधिकारियों ने बताया कि नौसेना ने बॉम्बे हाई में फंसे तेल और प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) के करीब 273 कर्मियों को बचाने के लिए दो जहाजों को भेजा है। ओनजीसी के ये कर्मचारी मुंबई से लगभग 175 किमी दूर, बॉम्बे हाई फील्ड्स के पास एक बहती नौका पर फंसे हुए हैं।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

चक्रवात 'तौकते' ने 75-85 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी के साथ मुंबई में जोरदार तबाही मचाई है, जिसने कई पेड़ों को नुकसान पहुंचाया और कुछ घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। तूफान ने सड़क पर यातायात को बाधित कर दिया, लेकिन अभी किसी इंसान के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, तूफान से कम से कम दो लोगों की मौत की खबर आई है। जिसमें नवी मुंबई में एक युवक की और रायगढ़ में एक दीवार दुर्घटना में एक महिला की मौत की खबर है। लेकिन अधिकारियों ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।

वहीं, अधिकारियों ने जानकारी दी है कि भारतीय नौसेना ने बॉम्बे हाई में फंसे तेल और प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) के लगभग 273 कर्मियों को बचाने के लिए दो जहाजों को भेजा है। ओनजीसी के ये कर्मचारी मुंबई से लगभग 175 किलोमीटर दूर, बॉम्बे हाई फील्ड्स के पास एक बहती नौका पर फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।

इससे पहले आज दोपहर तक मुंबई में 79.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि उपनगरों में 44.6 मिमी और दक्षिण मुंबई में भारी बारिश हुई। मूसलाधार बारिश ने गर्मियों के चरम के बीच मौसम को काफी हद तक ठंडा कर दिया है। मुंबई और ठाणे के कई हिस्सों में रात में कम से कम 30 बड़े और छोटे पेड़ उखडकर सड़कों पर बिखर गए, कई घरों को मामूली नुकसान के अलावा, दहिसर में झोंपड़ियों की छतों के उड़ जाने से काफी नुकसान हुआ। मलाड, कांदिवली, दहिसर, अंधेरी और सांताक्रूज में प्रमुख सबवे में बाढ़ के कारण यातायात बंद हो गए, जबकि कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। बोरीवली में कई बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग के साइट, सिग्नल, बिजली के खंभे, शहर के विभिन्न हिस्सों में होर्डिंग, बैनर सभी उखड़े पड़े हैं।


एक अधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग ने सोमवार दोपहर को मुंबई के लिए 'अत्यधिक भारी बारिश' के साथ तेज हवाओं के 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक बढ़ने की चेतावनी दी है। बेहद 'गंभीर चक्रवाती तूफान' के रूप में वर्गीकृत तौकाते का प्रभाव रविवार-सोमवार की मध्यरात्रि के तुरंत बाद से महसूस किया गया, जब कई क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। कुछ स्थानों पर बिजली और गरज के साथ, तेज हवाएं चली, जिसके बाद तूफान सिंधुदुर्ग से उत्तर की ओर घूम गया और अब यह रत्नागिरी रायगढ़-मुंबई की ओर से गुजरात तट के रास्ते में प्रवेश करेगा।

अधिकारी ने कहा कि प्रमुख एहतियाती उपाय के तौर पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निर्देशों के अनुसार राज्य के अधिकारियों ने पहले ही सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी और रायगढ़ के तट पर संवेदनशील स्थानों से 12,420 लोगों को स्थानांतरित कर दिया है। इसके अलावा मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक शटडाउन को बढ़ाकर शाम 6 बजे तक कर दिया गया है। खराब मौसम के कारण, यहां 3 निजी एयरलाइनों की उड़ानों को कम अशांत स्थानों पर डायवर्ट किया गया।


मौसम विभाग की ताजा चेतावनी बुलेटिन में कहा गया है कि आज सुबह मुंबई तट से करीब 160 किलोमीटर दूर मंडरा रहे चक्रवात के आज मध्यरात्रि तक दक्षिण गुजरात तट पर दस्तक देने की संभावना है। इसके साथ 180-190 किमी प्रति घंटे से 210 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं, जिसके अगले 48 घंटों में धीरे-धीरे कम होकर 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के झोंकों के साथ एक अवसाद में बदलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने दिन में रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, ठाणे और पालघर में आंधी के अलावा मुंबई में 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी है और लोगों को बाहर नहीं निकलने के लिए कहा है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia