24 घंटे न्यूज प्रसारण के जनक टेड टर्नर का 87 साल की उम्र में निधन, CNN की स्थापना कर रचा इतिहास
टेड टर्नर ने जब सीएनएन की स्थापना की थी और 24 घंटे न्यूज प्रसारण की नींव रखी थी तब यह एक जोखिम भरा प्रयोग माना गया था, लेकिन समय के साथ यही विचार वैश्विक मीडिया की सबसे बड़ी पहचान बन गया।

अमेरिकी मीडिया जगत के दिग्गज और सीएनएन के संस्थापक टेड टर्नर का 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। टेड टर्नर को सीएनएन की स्थापना कर दुनिया भर में 24 घंटे न्यूज प्रसारण की क्रांति लाने का श्रेय दिया जाता है। उनके निधन से पूरे वैश्विक मीडिया जगत में एक युग का अंत हो गया है।
टीवी पत्रकारिता की तस्वीर और दिशा बदल दी
टर्नर सिर्फ एक सफल बिजनेसमैन नहीं थे, बल्कि वे एक ऐसे विजनरी शख्स थे, जिन्होंने टेलीविजन पत्रकारिता की पूरी तस्वीर और दिशा ही बदल कर रख दी। टेड टर्नर को दुनिया भर में 24 घंटे न्यूज चैनल मॉडल की शुरुआत करने का श्रेय दिया जाता है। उन्होंने जब सीएनएन की स्थापना की थी और 24 घंटे न्यूज प्रसारण की नींव रखी थी तब यह एक जोखिम भरा प्रयोग माना गया था, लेकिन समय के साथ यही विचार वैश्विक मीडिया की सबसे बड़ी पहचान बन गया।
पिता के कारोबार से की शुरुआत
टेड टर्नर ने अपने करियर की शुरुआत अपने पिता के बिलबोर्ड एडवरटाइजिंग कारोबार (विज्ञापन के बोर्ड लगाने का काम) से की थी। लेकिन टर्नर की सोच बड़ी थी। 1970 के दशक में उन्होंने अटलांटा में एक छोटे से टीवी स्टेशन को खरीदा, जो उस वक्त लगातार घाटे में चल रहा था। उन्होंने सैटेलाइट तकनीक का सही इस्तेमाल समझा और इस छोटे से स्टेशन को पूरे अमेरिका में प्रसारित करना शुरू कर दिया, जिसे बाद में 'टीबीएस' (टर्नर ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम) के नाम से जाना गया।
सीएनएन से लाई मीडिया क्रांति
उस दौर में टीवी पर न्यूज केवल सुबह और शाम एक निश्चित समय पर ही आता था। लेकिन टेड टर्नर का मानना था कि खबरें कभी रुकती नहीं हैं, इसलिए न्यूज चैनल भी नहीं रुकना चाहिए। इसी सोच के साथ 1 जून 1980 को उन्होंने टेलीविजन स्टेशन को पहले उपग्रह-आधारित ‘सुपरस्टेशन’ में बदल दिया और 'केबल न्यूज नेटवर्क' यानि सीएनएन की शुरुआत की। यह पहला 24 घंटे चलने वाला, पूरी तरह से समाचार प्रसारित करने वाला टीवी नेटवर्क था। शुरुआत में कई लोगों ने इस आइडिया का मजाक उड़ाया, लेकिन 1991 के 'खाड़ी युद्ध' के लाइव कवरेज ने सीएनएन को दुनिया का सबसे भरोसेमंद और ताकतवर न्यूज नेटवर्क बना दिया।
पत्रकारिता की दिशा बदली
इस कदम ने न केवल पत्रकारिता की दिशा बदली, बल्कि दर्शकों के समाचार देखने और समझने के तरीके को भी पूरी तरह बदल दिया। उनकी सोच ने आधुनिक पत्रकारिता को एक नई दिशा दी। 24 घंटे चलने वाले न्यूज मॉडल ने दुनिया को ऐसी व्यवस्था दी, जहां लोग किसी भी घटना को तुरंत और लाइव देख सकते हैं। यह मॉडल आज दुनिया के लगभग हर न्यूज चैनल की पहली शर्त बन चुका है।
टेड टर्नर केवल न्यूज चैनल तक सीमित नहीं रहे। उन्होंने मीडिया और एंटरटेनमेंट की दुनिया में भी बड़ा विस्तार किया। उनके बिजनेस साम्राज्य में केबल टीवी का पहला सुपरस्टेशन, फिल्म और कार्टून चैनल्स के साथ-साथ खेल जगत की बड़ी फ्रेंचाइजी अटलांटा ब्रेव्स भी शामिल थी। वह एक चैंपियन नौका रेसर भी थे। साल 1991 में टाइम मैगजीन ने टर्नर को 'मैन ऑफ द ईयर' के खिताब से सम्मानित किया था।
टेड टर्नर ने कई शादियां की थीं। लेकिन उनकी सबसे चर्चित शादी हॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री 'जेन फोंडा' से थी। एक समय वे अमेरिका की सबसे चर्चित सेलिब्रिटी जोड़ियों में से एक थे। अब सबकी निगाहें टर्नर द्वारा स्थापित 'टर्नर फाउंडेशन' और यूएन फाउंडेशन के आगामी कामकाज और उनके परिवार में विरासत के बंटवारे पर भी रहेगी।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
