दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बारिश से गिरा तापमान, बर्फबारी से बदला उत्तराखंड-हिमाचल का मौसम, अलर्ट जारी
दिल्ली के अलावा हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार के बाद शुक्रवार सुबह की शुरुआत भी बारिश के साथ हुई। नोएडा, गुरुग्राम और दिल्ली के कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, नोएडा, दादरी और ग्रेटर नोएडा में पूरे दिन बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान तेज हवाएं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश में भी बारिश का असर
दिल्ली के अलावा हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में रेड अलर्ट भी घोषित किया गया है।
गौरतलब है कि बुधवार को हल्की बूंदाबांदी के साथ बारिश की शुरुआत हुई थी, जो गुरुवार को तेज हो गई। लगातार बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। तेज हवाओं के चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इस बार मार्च महीने में पिछले तीन वर्षों की तुलना में सबसे अधिक औसतन 9.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम और इस महीने का अब तक का सबसे न्यूनतम स्तर रहा।
राजस्थान में भी बारिश का असर
पिछले 24 घंटों में राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बाड़मेर, अलवर, अजमेर, जयपुर और भरतपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी जयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है। हालांकि, जोधपुर, बीकानेर और उदयपुर के कुछ हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर में बारिश के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह
जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश और ठंड के बावजूद नवरात्रि के पहले दिन माता वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। करीब 15,000 भक्तों ने बारिश के बीच यात्रा पूरी कर माता के दर्शन किए। “जय माता दी” के जयकारों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहा।
उत्तराखंड में बर्फबारी
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम का अलग ही नजारा देखने को मिला। केदारनाथ और बदरीनाथ सहित कई ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश जारी रही। गंगोत्री, यमुनोत्री, हर्षिल और मुनस्यारी जैसे इलाकों में भी बर्फ की सफेद चादर बिछ गई।
हिमाचल में बढ़ा पर्यटन
हिमाचल प्रदेश में ताजा बर्फबारी के बाद पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। मनाली और लाहौल-स्पीति क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। इससे होटल व्यवसायियों के चेहरे खिल उठे हैं और बुकिंग में इजाफा हुआ है। बर्फबारी के चलते कुछ इलाकों में यातायात पर अस्थायी रोक भी लगाई गई।
मौसम विभाग के अनुसार, इस बारिश और बर्फबारी का असर तापमान पर साफ दिख रहा है, जहां अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, यह मौसम फसलों के लिए भी फायदेमंद माना जा रहा है।
क्यों हो रही है बारिश?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ इस समय उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के ऊपर स्थित है। इसके प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में तेज बारिश और बर्फबारी हो रही है। साथ ही हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में भी बारिश देखने को मिल रही है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia