उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश से लुढ़का पारा, UP-बिहार सहित इन राज्यों में में शीतलहर
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 दिसंबर की रात से ही क्षेत्र में बूंदाबांदी शुरू हो जाएगी। 27 दिसंबर को मौसम और खराब होने की संभावना है और मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के बाद पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में दिन के तापमान में तेजी से गिरावट आई है। जबकि कश्मीर में भीषण शीतलहर जारी रही और पारा शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया।
हिमाचल प्रदेश में शिमला और आसपास के इलाकों में भी हल्की बर्फबारी हुई, जिसके कारण राज्य में 30 सड़कें बंद हो गईं।
दिल्ली-NCR में बढ़ी ठंड
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 दिसंबर की रात से ही क्षेत्र में बूंदाबांदी शुरू हो जाएगी। 27 दिसंबर को मौसम और खराब होने की संभावना है और मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
हरियाणा और पंजाब में गिरा तापमान
हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में बारिश होने के कारण अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आई। मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़ में दिन में हल्की बारिश हुई और अधिकतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री कम हैपंजाब में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य सीमा के करीब या उससे नीचे रहा और गुरदासपुर में चार डिग्री तापमान दर्ज किया गया और भीषण ठंड रही।
जम्मू-कश्मीर में मौसम विभाग ने पर्यटकों से कहा है कि वे कश्मीर घाटी में महत्वपूर्ण ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे रहने और सड़कों पर बर्फीली स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा जारी किए गए परामर्श का पालन करें।
घाटी में भीषण शीतलहर की स्थिति बनी रही, जिससे पानी की आपूर्ति वाली पाइपलाइनें में बर्फ जम गईं, जबकि कई जलाशयों की सतह पर बर्फ की पतली परत जम गई।
मौसम विभाग ने बताया कि श्रीनगर में रविवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात से करीब चार डिग्री अधिक था। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग ने मंगलवार, शुक्रवार और शनिवार को हिमाचल प्रदेश के मध्य और ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है। बर्फबारी से सेब उत्पादकों में भी खुशी की लहर दौड़ गई है, जिससे ऊपरी शिमला क्षेत्र में अच्छी पैदावार की उम्मीद जगी है। हालांकि, ऊना, हमीरपुर, चंबा और मंडी समेत निचली पहाड़ियों में भीषण शीतलहर जारी रही।
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार तक बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर और मंडी में भीषण ठंड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि शुक्रवार से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और आसपास के मैदानी इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव की संभावना है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia