मिडिल ईस्ट में तनाव: पेट्रोल-डीजल का संकट नहीं, लेकिन ये हुआ तो बढ़ेंगे दाम, LPG पर हुआ बड़ा फैसला

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, पेट्रोल और डीज़ल की कीमतें बढ़ने की उम्मीद नहीं है क्योंकि हमारे पास काफ़ी स्टॉक है। जब तक कच्चे तेल की कीमतें USD 130 को पार नहीं करतीं, पेट्रोल-डीज़ल की कीमतें बढ़ने की उम्मीद नहीं है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

मिडिल ईस्ट में जंग जारी है। इस बीच घरेलू सिलेंडर की कीमतों में इजाफा हुआ। ऐसे में लोगों के मन में ये सता रहा है कि क्या इसके बाद पेट्रोल और डीजल की भी कीमतें बढ़ेंगी। अब इस पर सरकार की ओर से बयान जारी हुआ है।

पेट्रोल डीजल के कब बढ़ेंगे दाम?

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, पेट्रोल और डीज़ल की कीमतें बढ़ने की उम्मीद नहीं है क्योंकि हमारे पास काफ़ी स्टॉक है। जब तक कच्चे तेल की कीमतें USD 130 को पार नहीं करतीं, पेट्रोल-डीज़ल की कीमतें बढ़ने की उम्मीद नहीं है।

सरकार के सूत्रों ने कहा कि हमें उम्मीद है कि कच्चे तेल की कीमतें लगभग $100 प्रति बैरल होंगी। देश में किसी भी पंप पर पेट्रोल और डीज़ल की कमी की कोई समस्या नहीं है। हमने होर्मुज जलडमरूमध्य के बाहर के रास्तों से कच्चे तेल की सोर्सिंग तेज़ कर दी है। भारत के पास एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) का काफ़ी स्टॉक है। भारत ATF (एविएशन टर्बाइन फ्यूल) का प्रोड्यूसर और एक्सपोर्टर है, ATF को लेकर घबराने की ज़रूरत नहीं है। भारत दूसरे देशों के मुकाबले बेहतर स्थिति में है। कई देशों ने स्टॉक लेने के लिए भारत से संपर्क किया है।


LPG गैस को लेकर सरकार ने बड़ा फैसला

LPG को लेकर सरकारी सूत्रों का कहना है कि जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए LPG बुकिंग का समय 21 से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। कुछ ऐसे मामले भी सामने आए हैं जहां जो लोग पहले 55 दिनों में LPG सिलेंडर बुक करते थे, उन्होंने अब 15 दिनों में LPG सिलेंडर बुक करना शुरू कर दिया है। सरकार ने रिफाइनरियों को LPG प्रोडक्शन बढ़ाने का आदेश दिया है कमर्शियल कनेक्शन के बजाय घरेलू LPG को प्राथमिकता देने का आदेश दिया है। घरेलू ग्राहक हमेशा प्राथमिकता रहेंगे।

LNG को लेकर सरकार ने क्या कहा?

LNG पर सरकारी सूत्रों का कहना है कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए कीमत में बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। सप्लाई चेन को बनाए रखने के लिए इंडस्ट्रियल इस्तेमाल के लिए LNG को घरेलू इस्तेमाल के लिए डायवर्ट किया जाएगा। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए कोई रैशनलाइज़ेशन नहीं।


सरकार का कहना है कि देश में हर पेट्रोल पंप चालू है, घरों की रसोई में पाइपलाइन से आने वाली प्राकृतिक गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से चल रही है, और सभी सीएनजी स्टेशन खुले हैं। घबराने की कोई बात नहीं है।’’