देश में पाक समर्थित आतंकवादी संगठन मचा सकते हैं तबाही, खुफिया एजेंसियों ने जारी किया अलर्ट

खुफिया एजंसियों ने आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर अलर्ट जारी करते हुए राज्यों को और उनके पुलिस मुख्यालयों को सचेत किया है। खबरों के मुताबिक, इस्लामिक स्टेट और पाक समर्थित आतंकी संगठन बकरीद के मौके पर भीड़ को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

इस्लामिक स्टेट और आईएसआई समर्थित आतंकवादी गुट भारत में तबाही मचाने के लिए घात लगाए बैठे हैं। इस बारे में भारतीय खुफिया एजेंसियों ने कुछ समय पहले ही इन तमाम अति-संवेदनशील खुफिया सूचनाओं से सरकार को अवगत करा दिया है, ताकि विध्वंसकारी ताकतों को वक्त रहते काबू किया जा सके।

9 अगस्त को इंटेलीजेंस ब्यूरो मुख्यालय द्वारा जारी गोपनीय रिपोर्ट में इस बात का जिक्र किया गया है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा समर्थित जेहादी आतंकी गुट जम्मू-कश्मीर और उसके बाहर बड़ी आतंकवादी घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं।

इस सिलसिले में संबंधित राज्यों की अभिसूचना ईकाइयों और पुलिस मुख्यालयों को सचेत कर दिया गया है। सूत्रों की माने तो इस बार इस्लामिक स्टेट और पाक समर्थित कट्टरपंथी आतंकी संगठन बकरीद जैसे बड़े पर्व पर भीड़ को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं।

खुफिया एजेंसियां इस बात से भी इनकार नहीं कर रही हैं कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी और इस्लामिक स्टेट समर्थित आतंकी गुट बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डों (ट्रांसपोर्ट नेटवर्क) सहित अन्य कुछ महत्वपूर्ण जगहों को भी निशाना बनाने की फिराक में हैं।


देश की खुफिया एजेंसियों के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक, भले ही आईएसआई लंबे समय से भारत में अशांति फैला पाने में कामयाब न हो पाई हो, लेकिन कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के बाद वह भी बुरी तरह से बौखलाई हुई हैं।

गौरतलब है कि तालिबान समर्थित कुछ स्लिपिंग मॉड्यूल की भारत में मौजूदगी की खबरें भी इन दिनों आ रही हैं। कुछ वक्त पहले ही एनआईए ने केरल सहित कुछ अन्य राज्यों में छापेमारी की थी। श्रीलंका में हुए सीरियल बम धमाकों के तार भी केरल से जुड़े थे।

(आईएएनएस इनपुट के साथ)

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia