भारत आ रहे थाईलैंड के कार्गो जहाज पर होर्मुज स्ट्रेट में हमला, 23 क्रू सदस्यों को बचाया गया
थाई झंडे वाला बल्क कैरियर मयूरी नारी ओमान के उत्तर में करीब 11 नॉटिकल मील (करीब 18 किमी) दूर यात्रा कर रहा था, तभी उस पर हमला हुआ। यह भारत में कांडला जा रहा था। थाई नेवी ने कहा कि इसका मालिकाना हक थाई ट्रांसपोर्ट कंपनी, प्रेशियस शिपिंग के पास है।

मिडिल-ईस्ट में जारी सैन्य संघर्ष के बीच ईरान के पास होर्मुज स्ट्रेट में बुधवार को थाईलैंड के एक मालवाहक जहाज पर भीषण हमला हुआ है। रॉयल थाई नेवी ने तस्वीरें जारी करते हुए बताया है कि हमले में जहाज बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन उस पर सवार 23 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया है। मैरीटाइम एजेंसियों और सिक्योरिटी सूत्रों के अनुसार, थाईलैंड के जहाज पर एक प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ। तस्वीरों में थाई-रजिस्टर्ड मयूरी नारी से भारी काला धुआं निकलता हुआ दिख रहा है, और पानी में लाइफ राफ्ट तैरते देखे जा सकते हैं।
थाई नेवी ने एक बयान में कहा कि संयुक्त अरब अमीरात में खलीफा पोर्ट से निकलने के बाद जहाज पर "स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरते समय हमला हुआ"। उन्होंने आगे कहा, "हमले की खास जानकारी और कारण की अभी जांच की जा रही है।" ओमानी नेवी ने 20 नाविकों को बचा लिया था और बाकी तीन क्रू मेंबर्स को बचाने की कोशिशें अभी चल रही हैं। हालांकि, बाद में सभी 23 क्रू मेंबर्स को बचा लिया गया।
ओमान के पास चल रहे इस जहाज को प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाया गया, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों के मुताबिक थाई झंडे वाला बल्क कैरियर मयूरी नारी ओमान के उत्तर में करीब 11 नॉटिकल मील (करीब 18 किमी) दूर यात्रा कर रहा था, तभी उस पर हमला हुआ। उन्होंने कहा कि यह कैरियर 178 मीटर लंबा है और इसका वजन 30,000 टन है, और यह भारत में कांडला जा रहा था। थाई नेवी ने कहा कि इसका मालिकाना हक थाई ट्रांसपोर्ट कंपनी, प्रेशियस शिपिंग के पास है।
गौरतलब है कि अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद ईरान ने अपने तेल एक्सपोर्ट करने वाले पड़ोसियों पर हमले शुरू कर दिए हैं, जिससे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में शिपिंग को खतरा है और ग्लोबल एनर्जी इकॉनमी संकट में पड़ गई है। यह तुरंत साफ नहीं था कि यह घटना उन तीन कमर्शियल जहाजों में से एक थी या नहीं, जिनके बारे में 'यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर' ने पहले कहा था कि बुधवार को खाड़ी में उन पर हमला हुआ था।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia