टाइगर श्रॉफ पर हमले से बॉलीवुड में दहशत, सदमे में सितारे, शत्रुघ्न सिन्हा बोले- क्या हो रहा है? सरकार करे कार्रवाई
शत्रुघ्न सिन्हा ने इस मामले पर चिंता जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "क्या हो रहा है???? रविवार को टाइगर श्रॉफ पर हुआ हमला चौंकाने वाला, चिंताजनक, धमकियां और फायरिंग।"

अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के बाद बॉलीवुड में दहशत का माहौल है। इस घटना ने स्टार्स की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। कई बॉलीवुड सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर अपनी चिंता जाहिर की और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
टाइगर श्रॉफ पर हमले पर क्या बोले शत्रुघ्न सिन्हा?
अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने इस मामले पर चिंता जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "क्या हो रहा है???? रविवार को टाइगर श्रॉफ पर हुआ हमला चौंकाने वाला, चिंताजनक, धमकियां और फायरिंग।"
उन्होंने आगे लिखा, "वे सबसे योग्य पिता जैकी श्रॉफ के बेटे हैं। टाइगर किस्मत से बच गए और उन्हें चोट नहीं आई लेकिन उनके बेचारे ड्राइवर को गंभीर चोटें आई हैं। माननीय मुख्यमंत्री महाराष्ट्र देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे इस गंभीर मामले को लेकर बेहद चिंतित लग रहे हैं। जय हिंद।"
पवित्रा पुनिया ने क्या कहा?
अभिनेत्री पवित्रा पुनिया ने भी टाइगर के लिए इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "टाइगर श्रॉफ के साथ जो हुआ, वह बहुत डरावना और दिल दहला देने वाला लगा। वो पल ऐसा था, जब डर से मेरा पूरा शरीर कांप गया। भोलेनाथ और माता रानी की कृपा से वह सुरक्षित हैं।" उन्होंने मुंबई पुलिस पर आश्वासन जताते हुए लिखा, "हम सभी को अपनी न्याय व्यवस्था, मुंबई पुलिस, राज्य सरकार और केंद्र सरकार पर पूरा भरोसा है और हम सभी जानते हैं कि मुंबई पुलिस सबसे अच्छी है। जय हिंद। जय महाराष्ट्र।"
मीका सिंह ने चिंता जाहिर की, सख्त कार्रवाई की मांग
गायक मीका सिंह ने भी इस मामले पर चिंता जाहिर करते हुए सरकार से मामले पर सख्त कार्रवाई की मांग की। गायक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया, जिसमे वह कहते हैं, "सभी को मेरा नमस्कार, जैसा कि आप सभी लोग जानते हैं कि कल रात टाइगर श्रॉफ के ऊपर फाइरिंग हुई। ऊपरवाले की कृपा से वे बच गए। हम भगवान से यही प्रार्थना करेंगे कि वे ऐसे ही तंदुरुस्त रहें।"
वीडियो पोस्ट कर उन्होंने लिखा, "मुंबई को हमेशा से भारत के सबसे सुरक्षित शहरों में से एक माना जाता रहा है, जहां लोग, खासकर महिलाएं देर रात भी चलने, काम करने और सफर करने में खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं लेकिन टाइगर श्रॉफ से जुड़ी घटना के बाद, हमारी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं। किसी को भी अपने ही शहर की सड़कों पर डर में नहीं जीना चाहिए। मैं सरकार और संबंधित अधिकारियों से दिल से निवेदन करता हूं कि इस मामले को गंभीरता से लें और हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करें। हमें सख्त कार्रवाई और जवाबदेही की जरूरत है ताकि मुंबई दिन-रात सभी के लिए सुरक्षित शहर बना रहे।टाइगर श्रॉफ के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
