JMM प्रमुख शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर रांची पहुंचा, हजारों लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़े
शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर मंगलवार को रामगढ़ जिले में उनके पैतृक गांव नेमरा ले जाया जाएगा और वहीं उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले उनके पार्थीव शरीर को पार्टी ऑफिस में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

वरिष्ठ आदिवासी नेता और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संरक्षक शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर सोमवार शाम दिल्ली से झारखंड की राजधानी रांची लाया गया। इस दौरान हजारों लोग दिशोम गुरु के नाम से जाने जाने वाले अपने प्रिय नेता को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए हवाई अड्डे के बाहर और सड़कों के किनारे कतारों में खड़े होकर इंतजार कर रहे थे।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर को एक विशेष विमान से दिल्ली से रांची लाया गया। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी विधायक पत्नी कल्पना सोरेन भी उसी विमान से आए। शिबू सोरेन का गुर्दे संबंधी समस्याओं के कारण एक महीने से अधिक समय से दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में उपचार किया जा रहा था।
उनका पार्थिव शरीर जैसे ही रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर लाया गया, वहां बड़ी संख्या में एकत्रित जेएमएम कार्यकर्ताओं और नेताओं ने 'दिशोम गुरु अमर रहें' के नारे लगाने शुरू कर दिए। हजारों लोग अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन के लिए हवाई अड्डे के बाहर सड़कों के किनारे खड़े थे।
रांची के मोरहाबादी स्थित उनके आवास पर भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता एकत्रित हुए। जेएमएम सूत्रों ने बताया कि शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर मंगलवार को रामगढ़ जिले में उनके पैतृक गांव नेमरा ले जाया जाएगा और वहीं उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले उनके पार्थीव शरीर को पार्टी ऑफिस में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia