'बिहार में 'भ्रष्टाचार के बोझ' से निर्माणाधीन पुल गिरा', सात मजदूर घायल, तेजस्वी ने सरकार पर साधा निशाना

तेजस्वी यादव ने दावा किया कि वैशाली में भ्रष्टाचार के बोझ से निर्माणाधीन पुल गिरने से करीब आधा दर्जन मजदूर दबे और घायल हुए हैं तथा कई की हालत गंभीर है।

बिहार में निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरा, सात मजदूर घायल, तेजस्वी ने सरकार पर साधा निशाना
i

बिहार के वैशाली जिले में गुरुवार को भारतमाला परियोजना के तहत फोरलेन निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लालगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर पंचायत के इतवारपुर गांव के समीप निर्माणाधीन एनएच-139डब्ल्यू के एक पुल पर काम के दौरान लॉन्चर मशीन अचानक गिर गई। हादसे में करीब सात मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि तीन मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर रेफर किया गया है। 

घटना को लेकर पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब निर्माणाधीन पुल पर लॉन्चर मशीन के जरिए निर्माण सामग्री को ऊपर ले जाने का काम किया जा रहा था। अचानक मशीन का हिस्सा गिर गया, जिसकी चपेट में काम कर रहे मजदूर आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहतकर्मियों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि लॉन्चर मशीन के नीचे करीब सात मजदूर घायल हुए हैं। सभी को प्राथमिक उपचार कराया गया। इनमें से तीन मजदूरों को सदर अस्पताल भेजा गया है।


करीब डेढ़ घंटे तक मशीन के नीचे दबा रहा मजदूर

उन्होंने बताया कि एक मजदूर करीब डेढ़ घंटे तक मशीन के नीचे दबा रहा। उसका पैर मशीन के हिस्से में फंसा हुआ था। गैस कटर की मदद से मशीन के हिस्से को काटकर मजदूर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोपाल मंडल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों से बातचीत के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी कुछ बातें सामने आई हैं। इन बिंदुओं की जांच की जा रही है और संबंधित एनएच विभाग से भी पत्राचार किया जाएगा। निर्माण कंपनी द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी भी जांच के निर्देश दिए गए हैं।

तेजस्वी यादव ने सरकार पर साधा निशाना

इस हादसे को लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बिहार में फिर एक पुल गिरा है। उन्होंने दावा किया कि वैशाली में भ्रष्टाचार के बोझ से निर्माणाधीन पुल गिरने से करीब आधा दर्जन मजदूर दबे और घायल हुए हैं तथा कई की हालत गंभीर है।


तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि घटिया निर्माण सामग्री, खराब गुणवत्ता, मानकों की अनदेखी और जांच में अनियमितता के साथ एनडीए नेताओं का कथित भ्रष्टाचारी किरदार लगातार गिरते पुलों का मुख्य कारण है। उन्होंने कहा कि उम्मीद के मुताबिक सरकार अपने भ्रष्टाचार की लीपापोती करेगी। हालांकि, पुलिस ने घटना को निर्माणाधीन पुल के दौरान लॉन्चर मशीन गिरने की घटना बताया है और इसके कारणों तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की बात कही है। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए