#MeToo के तहत सामने आने वाली महिलाओं के साहस का जश्न मनाना चाहिए न कि उन पर मानहानि के मुकदमे हों: प्रिया रमानी

#MeToo के तहत पूर्व केंद्रीय मंत्री एम जे अकबर पर आरोप लगाने वाली पत्रकार प्रिया रमानी ने अपने वकील के माध्यम से कहा है कि इस आंदोलन में साहस दिखाकर सामने आने वाली महिलाओं का जश्न मनाना चाहिए न कि उन पर मानहानि के मुकदमे हों।

फाइल फोटो : आईएएनएस
फाइल फोटो : आईएएनएस
user

आईएएनएस

पत्रकार प्रिया रमानी ने सोमवार को दिल्ली की एक अदालत से कहा कि साल 2018 में हैशटैगमीटू मूवमेंट के मद्देनजर पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर के यौन उत्पीड़न के खिलाफ बोलने वाली सभी महिलाओं का यह कदम साहसपूर्ण है और इसका जश्न मनाना चाहिए न कि उन पर मानहानि का मुकदमा हो।

प्रिया रमानी ने 2018 में एम जे अकबर पर आरोप लगाया था कि 20 साल पहले जब वह एक अखबार के संपादक थे, उस समय उन्होंने उनका यौन उत्पीड़ किया था। उनके आरोप के बाद कई अन्य महिलाओं ने भी अकबर पर आरोप लगाए। यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए जाने के बाद अकबर को केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

प्रिया की तरफ से पैरवी कर रहीं वकील रेबेका जॉनका जॉन ने अदालत को आगे बताया कि कई लोगों ने अतीत की घटनाओं के बारे में बात की, अपने मन का बोझ हल्का किया और वे दोषी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रिया रमानी के अलावा, कम से कम 15 अन्य महिला पत्रकारों ने भी अकबर के खिलाफ इसी तरह के आरोप लगाए।

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, "हमने साबित कर दिया है कि अकबर की प्रतिष्ठा निरपराध नहीं है .. क्या इसका मतलब यह है कि सभी 15 महिलाएं झूठी थीं? अकबर ने अपना मानहानि अभियान केवल प्रिया रमानी के खिलाफ शुरू किया। जब आप अलग-थलग हो जाते हैं, तो क्या आप किसी को निशान बनाने लगते हैं और क्यों?"


प्रिया रमानी की वकील ने एक अन्य पत्रकार गजाला वहाब के बयान का भी जिक्र किया। गजाला ने भी अकबर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा, "बहुत गंभीर आरोप है, लेकिन अकबर ने उन पर मुकदमा नहीं चलाने का फैसला किया। इसकी शुरुआत प्रिया रमानी ने नहीं की।" उन्होंने कहा कि गजाला ने प्रिया से दो दिन पहले ट्वीट किया था।

ध्यान रहे कि हाल ही में एम जे अकबर ने अपनी वकील गीता लूथरा के माध्यम से, अदालत को बताया कि प्रिया रमानी द्वारा दिए गए बयान अपमानजनक, उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने वाले रहे।

इस मामले की सुनवाई दिल्ली के एडिशनल चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में शुरु हुई है। एम जे अकबर ने प्रिया रमानी के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मुकदमा दायर किया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */