महागठबंधन का पटना में SIR के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, बैरिकेडिंग पर चढ़े तेजस्वी, कई नेता हिरासत में

विरोध प्रदर्शन के लिए रैली बिहार विधानसभा परिसर के सामने स्थित शहीद स्मारक से शुरू हुई और बिहार लोक भवन की ओर बढ़ रही थी। हालांकि, पुलिस ने पटना स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के पास रैली को रोक दिया।

महागठबंधन का पटना में ज्ञानेश कुमार और SIR के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, तेजस्वी यादव समेत कई नेता हिरासत में लिए गए
i
  • पटना में गुरुवार को इंडिया गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आक्रोश मार्च निकाला।

  • विपक्ष की मांग है कि ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR पर सवालों का जवाब मिले।

  • तेजस्वी का कहना था कि चुनाव में कथित धांधली करके ज्ञानेश कुमार ने बीजेपी के सत्ता में आने का रास्ता बनाया।

बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महागठबंधन के नेताओं ने गुरुवार को पटना में मार्च निकाला। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद, कांग्रेस, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी), वामपंथी दल सहित महागठबंधन के कई नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरे।

सीईसी के खिलाफ प्रदर्शन में बैरिकेड पर चढ़े तेजस्वी 

विरोध प्रदर्शन के लिए रैली बिहार विधानसभा परिसर के सामने स्थित शहीद स्मारक से शुरू हुई और बिहार लोक भवन की ओर बढ़ रही थी। हालांकि, पुलिस ने पटना स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के पास रैली को रोक दिया।

पुलिस के अनुसार, तेजस्वी यादव और कई अन्य नेताओं ने बैरिकेड पर चढ़कर उसे पार करने की कोशिश की, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। तेजस्वी यादव को जिस पुलिस वाहन से ले जाया जा रहा था, उस पर आरजेडी के कई नेता चढ़ गए।


तेजस्वी यादव का ज्ञानेश कुमार पर आरोप

तेजस्वी यादव ने प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ने बीजेपी के दबाव में एसआईआर के बहाने वोट चोरी की। विपक्ष की ओर से वोट चोरी का मुद्दा उठाए जाने के बावजूद इसे रोकने का प्रयास नहीं किया गया। पुलिस वाहन में सवार तेजस्वी यादव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें राज्यपाल से मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। वे लोकतंत्र को नष्ट कर रहे हैं।’’

गुरुवार को प्रदर्शन के दौरान आरजेडी नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए