दिल्ली में लगातार लुढ़क रहा पारा, गहरा रही है धुंध, AQI 300 के पार, मौसम को लेकर IMD ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर तेज हो गया है। तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है और IMD ने शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली में गलन भरी सर्दी की शुरुआत हो गई है। रात की हवा में ठंड का असर जैसे-जैसे बढ़ रहा है, सुबह की रोशनी धुंध और हल्के कोहरे की परतों के पीछे धीमी पड़ती जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज (शुक्रवार) जधानी में तापमान अब और नीचे जाने की कगार पर है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक लुढ़क सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 23-25 डिग्री के दायरे में रहने का अनुमान है।

ठंड बढ़ने के साथ हवा की रफ्तार भी धीमी

मौसम विभाग के मुताबिक हवा की गति शून्य से 5 किमी प्रति घंटा के बीच सीमित रहेगी। हल्की हवा और ठंड का यह मेल सुबह और शाम दोनों समय विजिबिलिटी को प्रभावित करेगा। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें और सर्दी से बचने के उपाय नियमित रूप से अपनाएं।

गुरुवार की सुबह जहां हल्की धुंध दर्ज की गई, वहीं शाम को राजधानी के कई हिस्सों में हल्का कोहरा भी दिखा। इस दौरान अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा ऊपर था, जबकि न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा।


अगले हफ्ते दिल्ली का तापमान कैसा रहेगा?

दिल्ली के कई निगरानी केंद्रों से मिले तापमान डेटा में गुरुवार को दिलचस्प अंतर देखने को मिला।

  • पालम में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री कम 22.7 डिग्री रहा

  • सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री दर्ज किया गया

IMD के विस्तृत पूर्वानुमान में दिसंबर के बाकी दिनों के लिए भी तापमान में लगातार गिरावट के संकेत दिखाई दे रहे हैं:

12-16 दिसंबर

  • अधिकतम: 23.0°C

  • न्यूनतम: 8.6°C

17-21 दिसंबर

  • अधिकतम: 22.2°C

  • न्यूनतम: 8.1°C

22-26 दिसंबर

  • अधिकतम: 20.7°C

  • न्यूनतम: 7.5°C

27-31 दिसंबर

  • अधिकतम: 20.4°C

  • न्यूनतम: 6.8°C

धीरे-धीरे बढ़ती सर्दी के साथ विजिबिलिटी पर असर रहना तय है, और इसका सीधा प्रभाव सुबह-शाम की गतिविधियों पर दिख सकता है।

दिल्ली की हवा फिर बिगड़ी

तापमान गिरने के साथ हवा की गुणवत्ता भी एक बार फिर नीचे की ओर जा रही है। दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण बेहद चिंताजनक स्तर पर पहुंच गया है। शुक्रवार सुबह राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 326 दर्ज किया गया है।


कहां कितना AQI दर्ज किया गया?

दिल्ली के अलीपुर में एक्यूआई 347, आनंद विहार में एक्यूआई 386, अशोक विहार में 374, आया नगर में 255, बवाना में 365, बुराड़ी में 350, चांदनी चौक इलाके में 362 एक्यूआई दर्ज किया गया है।

वहीं, डीटीयू में 361, द्वारका सेक्टर 8 में 335, आईजीआई एयरपोर्ट टी3 इलाके में 243, आईटीओ में 354, जहांगीरपुरी में 401, लोधी रोड 274, मुंडका 371, नजफगढ़ में 228, पंजाबी बाग में 360, रोहिणी 384, विवेक विहार 384, सोनिया विहार 338, आरकेपुरम 338, वजीरपुर में 382 दर्ज किया गया है। 

कब मिलेगी राहत?

विशेषज्ञ साफ कह रहे हैं कि ठंड बढ़ने और हवाओं की धीमी गति के चलते दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से राहत मिलने की संभावना फिलहाल बहुत कम है। धुंध और स्मॉग का यह मिश्रण अगले कई दिनों तक सुबह की हवा को और भारी बनाए रख सकता है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia