राजस्थान की जनता ने बीजेपी सरकार को दिखाया आईना, उल्टी गिनती शुरू हो चुकी हैः सचिन पायलट
सचिन पायलट ने कहा कि राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में बीजेपी का सूपड़ा साफ हो गया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि पूरे देश ने देखा है कि राजस्थान में मतदान पूरी तरह बीजेपी के शासन के खिलाफ हुआ है। उन्होंने कहा कि देशभर में लोग बीजेपी के शासन से त्रस्त हैं।

राजस्थान पंचायत चुनाव में बीजेपी की हार जनता की नाराजगी का संकेत
पंचायती राज चुनाव में जनता ने राज्य की बीजेपी सरकार को आईना दिखाया
राजस्थान की जनता ने एक संदेश दिया है, जो आज पूरे देश की भावना है
देशभर में लोग बीजेपी के शासन से त्रस्त, बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने बुधवार को कहा कि राजस्थान में पंचायत राज संस्थाओं के हालिया चुनावों में सत्तारूढ़ बीजेपी की हार राज्य सरकार के प्रति जनता की बढ़ती नाराजगी का संकेत है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनाव में जनता ने राज्य की बीजेपी सरकार को आईना दिखाया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने एक संदेश दिया है, जो आज पूरे देश की भावना है। देशभर में लोग बीजेपी के शासन से त्रस्त हैं।
अब बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी
सचिन पायलट ने जयपुर में कहा, ''राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में बीजेपी का सूपड़ा साफ हो गया है। चुनाव परिणामों ने न केवल राज्य की बीजेपी सरकार के तीन साल के कार्यकाल को आईना दिखाया है, बल्कि उसका 'डबल इंजन' भी पूरी तरह विफल साबित हुआ है। कांग्रेस नेता ने कहा कि पूरे देश ने देखा है कि राजस्थान में मतदान पूरी तरह बीजेपी के शासन के खिलाफ हुआ है। उन्होंने कहा कि अब बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।
बीजेपी अपना वादा पूरा करने में विफल रही
पायलट ने आरोप लगाया कि बेरोजगारी, प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार के कारण ग्रामीण निकाय चुनावों में बीजेपी का प्रदर्शन खराब रहा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चार लाख नौकरियां देने का अपना वादा पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने बीजेपी नेताओं और अधिकारियों पर मिलीभगत कर जनता को लूटने का आरोप भी लगाया।
बीजेपी अब जनमत चुराने की कोशिश में जुटी
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा था। उन्होंने पार्टी की इस जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं और नेताओं को दिया। पायलट ने कहा कि जिन जगहों पर पार्टी को बहुमत मिला है, वहां वह जिला परिषद बोर्ड बनाएगी। पायलट ने आरोप लगाया कि बीजेपी अब भी नवनिर्वाचित सदस्यों पर दबाव डालकर और उन्हें प्रलोभन देकर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।
बीजेपी को इस संदेश पर आत्ममंथन करना चाहिए
पायलट ने दावा किया कि इन तमाम कोशिशों के बावजूद शहरी इलाकों में बीजेपी और कांग्रेस के वोट प्रतिशत के बीच का अंतर एक प्रतिशत से भी कम रहा, जबकि ग्रामीण इलाकों में कांग्रेस को बीजेपी के मुकाबले करीब पांच प्रतिशत अधिक वोट मिले। पायलट ने कहा कि बीजेपी को मतदाताओं के इस संदेश को नजरअंदाज करने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए।
राज्य के 41 में से 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के नतीजे शुक्रवार को घोषित किए गए। इन 37 जिलों में जिला परिषद की कुल 1,275 सीटों में से कांग्रेस ने 796 सीटें जीतीं, जबकि बीजेपी को 359 सीटें मिलीं। वहीं, पंचायत समिति चुनावों में कुल 7,543 वार्डों में से कांग्रेस ने 3,772 और बीजेपी ने 2,218 सीटें जीतीं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
