‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के खिलाफ नहीं, व्यापार समझौते के विरोध में था प्रदर्शन: युवा कांग्रेस अध्यक्ष
चिब ने कहा कि जब देश के किसानों का सौदा किया जा रहा हो, भारत विरोधी व्यापार समझौता हो रहा हो और युवाओं को बेरोज़गार रखकर नफरत की राजनीति में झोंका जा रहा हो, तो फिर खामोश नहीं रहा जा सकता। युवा कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया कि देश का युवा अब चुप नहीं बैठेगा।

भारतीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने शुक्रवार को कहा कि राजधानी दिल्ली में चल रहे ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन इस आयोजन के खिलाफ नहीं था, बल्कि यह विरोध अमेरिका के साथ हुए अंतरिम व्यापार समझौते के खिलाफ था।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि जब देश के किसानों का सौदा किया जा रहा हो, भारत विरोधी व्यापार समझौता हो रहा हो और युवाओं को बेरोज़गार रखकर नफरत की राजनीति में झोंका जा रहा हो, तो फिर खामोश नहीं रहा जा सकता। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के साथियों ने स्पष्ट कर दिया कि देश का युवा अब चुप नहीं बैठेगा। पीएम इज कंप्रोमाइज्ड' सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि करोड़ों बेरोजगार युवाओं का आक्रोश है।
चिब ने एक बयान में कहा, ‘‘अमेरिका के साथ यह व्यापार समझौता हमारे किसानों और जनता के हितों के साथ खिलवाड़ है, जिससे सिर्फ अमेरिका को फायदा होगा। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध हमारा अधिकार है और हम युवाओं की आवाज बुलंद करते रहेंगे।’’ उनका कहना है, ‘‘हम ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के खिलाफ नहीं हैं। हम भारत के हितों के साथ हो रहे समझौते के खिलाफ हैं, इसलिए हमने आज ये प्रदर्शन किया है।’’
गौरतलब है कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के एक प्रदर्शनी हॉल में पहुंचकर अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए। पुलिस ने कुछ देर बाद इन लोगों को वहां से हटा दिया और हिरासत में ले लिया। यूथ कांग्रेस के इस प्रदर्शन से काफी देर तक समिट में अव्यवस्था की स्थिति हो गई।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia