दिवंगत शरद यादव का अस्थि कलश कल पहुंचेगा पटना, 6 फरवरी को मधेपुरा स्टेडियम में होगी प्रार्थना सभा

शनिवार को स्वर्गीय शरद यादव का अस्थि कलश पटना पहुंचेगा और इसे आरजेडी के प्रदेश कार्यालय लाया जाएगा। जहां से उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव और पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में अस्थि कलश को मधेपुरा के लिए रवाना किया जाएगा।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

वरिष्ठ समाजवादी नेता स्वर्गीय शरद यादव का अस्थि कलश शनिवार को पटना पहुंचेगा। इसके बाद यह अस्थि कलश 5 फरवरी कीे शाम मधेपुरा पहुंचेगा, जहां 6 फरवरी को बी पी मंडल स्टेडियम में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया है। यहां जिले के साथ ही राज्य भर से कई गणमान्य लोग पहुंचकर दिवंगत दिगग्ज समाजवादी नेता को श्रद्धांजलि देंगे।

आरजेडी प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने बताया कि शनिवार को स्वर्गीय शरद यादव का अस्थि कलश पटना पहुंचेगा और इसे आरजेडी के प्रदेश कार्यालय लाया जाएगा। जहां से उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव और पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में अस्थि कलश को मधेपुरा के लिए रवाना किया जाएगा।


उन्होंने बताया कि पटना से महात्मा गांधी सेतु, वैशाली और मुजफ्फरपुर जिला होते हुए शरद यादव की अस्थि कलश यात्रा चार फरवरी की शाम दरभंगा पहुंचेगी। रात्रि विश्राम दरभंगा में करने के बाद 5 फरवरी को यह यात्रा मधुबनी, सुपौल और सहरसा जिला होते हुए शाम को मधेपुरा स्थित शरद यादव के आवास पहुंचेगी जहां आम लोगों के दर्शनार्थ अस्थि कलश को रखा जाएगा।

इसके बाद 6 फरवरी को मधेपुरा के बी पी मंडल स्टेडियम में प्रार्थना सभा होगी जिसे राज्य के डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव सम्बोधित करेंगे। आरजेडी प्रवक्ता ने कहा कि यात्रा के दौरान रास्ते में विभिन्न स्थानों पर शरद यादव के प्रशंसकों द्वारा अस्थि कलश पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी जाएगी। पार्टी के उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक सहित कई अन्य नेता अस्थि कलश यात्रा के साथ रहेंगे।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia