संसद मार्च के दौरान घायल युवती को 10 दिन बाद अस्पताल से मिली छुट्टी, डॉक्टरों ने हालत स्थिर होने का किया दावा

प्रदर्शन में शामिल युवती को संसद मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई से भगदड़ जैसी स्थिति के बीच दम घुटने के कारण बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। शुरुआत में उसकी हालत ऐसी थी कि उसे कई दिनों तक गहन देखभाल (आईसीयू) और वेंटिलेटर सपोर्ट की जरूरत पड़ी।

संसद मार्च के दौरान घायल युवती को 10 दिन बाद अस्पताल से मिली छुट्टी, डॉक्टरों ने हालत स्थिर होने का किया दावा
i

जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में गंभीर रूप से घायल हुई 21 साल की युवती को गुरुवार को राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल के अनुसार उसकी सेहत में संतोषजनक सुधार हुआ है। अस्पताल ने कहा कि उसकी स्थिर हालत और सेहत में सुधार को देखते हुए उसे छुट्टी देने का फैसला किया गया।

दस दिन बाद पूरी तरह होश आ गया

विरोध प्रदर्शन में शामिल युवती को संसद मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई से भगदड़ जैसी स्थिति के बीच दम घुटने के कारण बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। शुरुआत में उसकी हालत ऐसी थी कि उसे कई दिनों तक गहन देखभाल (आईसीयू) और वेंटिलेटर सपोर्ट की जरूरत पड़ी। हालांकि, धीरे-धीरे उसकी हालत में सुधार हुआ और अस्पताल में भर्ती होने के लगभग दस दिन बाद उसे पूरी तरह होश आ गया और वह खुद से चलने-फिरने में सक्षम हो गई।


अस्पताल ने 'संतोषजनक सुधार' बताया

गुरुवार को जारी अपनी ताजा मेडिकल रिपोर्ट में आरएमएल अस्पताल ने कहा कि इलाज और रिहैबिलिटेशन के बाद व्यापक क्रिटिकल केयर मैनेजमेंट से मरीज की सेहत में 'संतोषजनक सुधार' हुआ। अस्पताल में भर्ती होने पर इमरजेंसी डिपार्टमेंट में उसे होश में लाने की कोशिश की गई और फिर आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। सेहत में लगातार सुधार के बाद वेंटिलेटर सपोर्ट सफलतापूर्वक हटा लिया गया और आईसीयू में एक हफ्ता बिताने के बाद उसे आगे की रिकवरी और रिहैबिलिटेशन के लिए नर्सिंग होम वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।"

महिला पूरी तरह होश में, बात करने में सक्षम

अस्पताल ने बताया कि गुरुवार को महिला के अस्पताल में भर्ती होने का 10वां दिन था और वह अब स्थिर हालत में है और 'पूरी तरह होश में सतर्क, स्पष्ट रूप से बात करने में सक्षम है। आरएमएल अस्पताल ने यह भी कहा कि वह बिना किसी मदद के चल फिर सकती है और अपने रोजमर्रा के काम खुद करने की क्षमता हासिल कर चुकी है।

इसे भी पढ़ेंः RML हेल्थ बुलेटिन: CJP प्रदर्शन में घायल युवती की हालत स्थिर, वेंटिलेटर से हटाया गया


संसद मार्च के दौरान घायल हुई थी महिला

यह युवती उन प्रदर्शनकारियों में शामिल थी जिन्होंने 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। यह प्रदर्शन 'संसद चलो' के बैनर तले कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा आयोजित किया गया था। प्रदर्शन नीट पेपर लीक और परीक्षा से जुड़ी अन्य अनियमितताओं को लेकर सरकार से जवाबदेही की मांग करने और छात्रों की चिंताओं पर कार्रवाई की मांग के लिए किया गया था। बाद में सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए जमकर बल प्रयोग किया। इस दौरान बर्बर तरीके से लाठचार्ज किया गया, आंसू गैस के गोले दागे गए, पैलेट गन का भी इस्तेमाल किया गया, जिसमें कई प्रदर्शनकारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

इसे भी पढ़ेंः राज्यसभा में खड़गे ने सरकार को घेरा, 'छात्रों से संवाद नहीं, बल का प्रयोग किया, सरकार ने जवाबदेही नहीं दिखाई'

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए