दिल्ली में होने वाली है पानी की किल्लत, यमुना में बाढ़ से वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में घुसा पानी, बंद किए गए

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में पहली बार, यमुना ने इस स्तर को छुआ है। इसके कारण तीन वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद कर दिए गए हैं क्योंकि पानी पंपों और मशीनों में घुस गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

देश की राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ रहे बाढ़ के खतरे के बीच दिल्लीवासियों के सामने नई मुसीबत आई है। बताया जा रहा है कि दिल्ली में अब पानी की किल्लत भी हो सकती है। दरअसल, दिल्ली के तीन वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को बंद कर दिया गया है। ये फैसला यमुना के पानी के पंपों और मशीनों में घुसने के बाद लिया गया।

उधर, वज़ीराबाद वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचे दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में पहली बार, यमुना ने इस स्तर को छुआ है। इसके कारण तीन वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद कर दिए गए हैं क्योंकि पानी पंपों और मशीनों में घुस गया है।" "इससे दिल्ली में 25% पानी की आपूर्ति कम हो जाएगी। ट्यूबवेल भी बंद हैं। सीएम केजरीवाल ने कहा कि एक या दो दिन पानी की कमी हो सकती है। मुझे उम्मीद है कि कल शाम तक आपूर्ति फिर से शुरू हो जाएगी।

उघर, सीडब्ल्यूसी की भविष्यवाणी के अनुसार, (यमुना नदी का जल स्तर) आज दोपहर 3-4 बजे तक चरम पर पहुंच जाएगा और फिर यह नीचे जाना शुरू हो जाएगा।"

उधर, दिल्ली में बाढ़ के चलते दिल्ली मेट्रो द्वारा यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन के गेट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। DMRC ने ट्वीट किया, "यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। हालांकि इंटरचेंज सुविधा अभी भी उपलब्ध है और ब्लू लाइन पर सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं।"


दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है और निचले इलाकों में आवाजाही न करने की चेतावनी दी है। लोगों से कहा गया है कि चूंकि यमुना नदी में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, इसलिए बिजली लाइन से दूर रहें और किसी भी जरूरत की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क करें।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia