दिल्ली में कोरोना नहीं इस बीमारी ने बढ़ाई टेंशन, अस्पताल फुल! बेड की कमी से मरीज भटकने के लिए मजबूर
दिल्ली नगर निगम के अनुसार, इस साल 9 अक्टूबर तक डेंगू के 480 मरीज सामने आए हैं। बीते हफ्ते में ही डेंगू के कुल 139 मरीज मिले। बीते 2 वर्षों के मुकाबले इस बार सबसे अधिक मरीज मिले हैं।

दिल्ली में एक बार फिर अस्पतालों के हालत गंभीर होने लगे हैं। इस बार कोरोना वायरस के चलते नहीं बल्कि डेंगू समेत कई और कारण है। खबरों की मानें तो अस्पतालों में मरीजों के बिस्तर नहीं मिल रहे हैं। इन अस्पतालों में अब कोरोना नहीं, बल्कि डेंगू, पोस्ट कोविड और गैर-कोविड समस्याओं से जुड़े मरीजों की संख्या बढ़ी है।
नगर निगम के अनुसार, इस साल 9 अक्टूबर तक डेंगू के 480 मरीज सामने आए हैं। बीते हफ्ते में ही डेंगू के कुल 139 मरीज मिले। बीते 2 वर्षों के मुकाबले इस बार सबसे अधिक मरीज मिले हैं, जबकि अस्पतालों में हालात ऐसे हैं कि डेंगू की वजह से बिस्तर भी भरने लगे हैं।
खबरों के मुताबिक, डेंगू मरीजों से मैक्स पटपड़गंज के सभी बेड भर गए हैं। बाकी अस्पतालों का भी ऐसा ही हाल है। इसके अलावा एम्स, सफदरजंग, लोकनायक और जीटीबी अस्पताल में भी बिस्तरों को लेकर काफी जद्दोजहद देखने को मिल रही है।
एम्स के डॉक्टर विजय गुर्जर ने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी से अपील करते हुए कहा है कि उनका दोस्त दिल्ली के सभी अस्पतालों में चक्कर लगा चुका है लेकिन बेड नहीं मिला, इसलिए अस्पतालों में बेड बढ़ाए जाएं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 14 Oct 2021, 9:58 AM
