मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार गिराने में पीएम मोदी की थी भूमिका, बीजेपी के कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा खुलासा

बुधवार को इंदौर में किसान सम्मेलन में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने बड़ा रहस्योद्घाटन करते हुए दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार को गिराने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुख्य भूमिका थी।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

आईएएनएस

google_preferred_badge

केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर चल रहे किसानों के विरोध के बीच मध्य प्रदेश में बीजेपी इन कानूनों की खूबियां गिनाने के लिए किसान सम्मेलनों का आयोजन कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को इंदौर में हुए किसान सम्मेलन में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने बड़ा रहस्योद्घाटन किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि "प्रदेश में कांग्रेस की कमल नाथ सरकार को गिराने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुख्य भूमिका थी।"

बीजेपी ने बुधवार को इंदौर सहित अन्य स्थानों पर कृषि कानूनों की खूबियां बताने के लिए किसान सम्मेलनों का आयोजन किया। इंदौर में भी एक सम्मेलन हुआ, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विजयवर्गीय और केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान मौजूद रहे। इस सम्मेलन में विजयवर्गीय ने कहा, "पर्दे के पीछे की एक बात बता रहा हूं। आप किसी को बताना मत, मैंने आज तक किसी को नहीं बताई, पहली बार इस मंच पर बता रहा हूं कि कमलनाथ की सरकार गिराने में यदि किसी की महत्वपूर्ण भूमिका थी तो नरेंद्र मोदी की थी, धर्मेद्र प्रधान की नहीं थी।"

विजयवर्गीय के इस बयान पर कांग्रेस ने कहा कि आखिरकार कमलनाथ सरकार गिराए जाने का सच सामने आ ही गया। विजयवर्गीय के बयान को ट्वीट करते हुए पूर्व सीएम कमलनाथ के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कहा, "कैलाश विजयवर्गीय अब खुद अपने मुंह से कह रहे हैं कि कमलनाथ सरकार गिराने में मुख्य भूमिका नरेंद्र मोदी जी की थी। कांग्रेस तो शुरू से ही यह बात कह रही है, लेकिन बीजेपी अब तक झूठ बोलकर सच पर पर्दा डालती आई, लेकिन आज सच उनकी जुबान पर आ ही गया।"

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia